घायलों का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है
बैतूल: नागपुर से नर्मदा स्नान के लिए नर्मदापुरम जा रही महिला तीर्थ यात्रियों से भरी टेंपो ट्रेवलर आज सुबह लगभग चार बजे नीमपानी के पास पलट गई। जिसमें 21 महिला तीर्थ यात्री घायल हुई है ,इनमें पांच की हालत गंभीर है ।जिसमें 10 साल की बच्ची भी शामिल है ।घटना की जानकारी मिलते ही सीएमएचओ डॉक्टर मनोज हुरमाड़े ने एंबुलेंस 108 भेज कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और खुद जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का इलाज करवाया।
बताया जा रहा है कि नर्मदापुरम जाने के लिए रवाना हुई महिलाओं से भरी एक ट्रेवलर आज सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 21 महिलाएं घायल हो गईं, वहीं एक 10 साल की बच्ची को सीने में गंभीर चोट आई है।
अस्पताल में कराया गया उपचार

सीएमएचओ डॉक्टर मनोज हुरमाड़े ने बताया कि उन्हे सुबह चार बजे घटना की सूचना मिली थी । तत्काल 8 एंबुलेंस घटना स्थल पर रवाना की और स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे । घायलों की संख्या ज्यादा थी और उन्हें तत्काल इलाज मिले इसको लेकर सिविल सर्जन, सर्जिकल स्पेशलिस्ट और अस्थि रोग विशेषज्ञ को अस्पताल बुलाकर घायलों का उपचार प्रारंभ कराया गया।
पांच घायलों की किया भर्ती

डॉक्टर मनोज हुरमाड़े ने बताया कि गंभीर 5 घायल महिलाएं एवं एक बच्ची का एक्स-रे परीक्षण कराया गया। 4 महिलाओं को भर्ती किया गया, जिनका उपचार ड्यूटी डॉक्टर डॉ. श्रेयांश ठाकुर की देखरेख में चल रहा है। भर्ती महिलाओं में माया,सुनीता,अनीता और रंजना शामिल है।
मराठी में बात कर किया इलाज
जानकारी के अनुसार, ट्रेवलर नागपुर से नर्मदापुरम जा रही थी। सभी महिलाएं मां नर्मदा जी में स्नान करने के उद्देश्य से देर रात नागपुर से रवाना हुई थीं। चुकी इन महिलाओं को मराठी भाषा आती थी तो
सीएमएचओ डॉक्टर मनोज हुरमाड़े ने उनसे मराठी में बात कर खुद भी उनका इलाज किया ।
पुलिस को दी गई सूचना
अस्पताल प्रशासन ने सभी घायलों का पीएमएलसी दर्ज कर ड्यूटी डॉक्टर डॉ. श्रेयांश ठाकुर के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी।
Leave a comment