Decisions: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालते ही संगठनात्मक मोर्चे पर तेज़ फैसले लेते हुए चुनावी तैयारियों को रफ्तार दे दी है। मंगलवार को औपचारिक रूप से अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी और चंडीगढ़ मेयर चुनाव का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ शोभा करंदलाजे को सह प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार –
- तेलंगाना नगर व स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि अशोक परनामी और रेखा शर्मा सह प्रभारी होंगे।
- ग्रेटर बेंगलुरु नगर निगम चुनाव की जिम्मेदारी राम माधव को सौंपी गई है। उनके साथ सतीश पुनिया और संजय उपाध्याय सह प्रभारी होंगे।
नितिन नवीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद ही उनके पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की तस्वीर साफ हो गई थी, जिसे मंगलवार को औपचारिक रूप दे दिया गया।
युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान
भाजपा मुख्यालय में 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नाम की घोषणा के बाद अपने संबोधन में नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने “सनातन परंपराओं और आस्था” की रक्षा और देश को जनसांख्यिकीय परिवर्तनों से बचाने की बात कही।
उन्होंने कहा,
“15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से सार्वजनिक जीवन में आने का आह्वान किया था। मैं भी युवाओं से कहना चाहता हूं कि राजनीति से दूर रहना समाधान नहीं है, बल्कि उसमें सक्रिय योगदान देना ही समाधान है।”
नितिन नवीन ने आगे कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं को “सकारात्मक राजनीति” में आगे आना होगा।
उन्होंने युवाओं को यह भी संदेश दिया कि,
“राजनीति कोई 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि मैराथन है, जहां गति नहीं बल्कि सहनशक्ति की परीक्षा होती है। अपनी जड़ों को मजबूत रखते हुए इस राजनीतिक मैदान में उतरिए।” नितिन नवीन के इन बयानों और शुरुआती फैसलों से साफ है कि भाजपा अब आने वाले चुनावों की तैयारी में पूरी ताकत झोंकने जा रही है।
साभार…
Leave a comment