Alert: नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई हिस्सों में जारी कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम का पैटर्न बदलने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगले तीन दिनों में दिल्ली-NCR समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक, आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD का कहना है कि इस बदलाव के साथ कई इलाकों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में फिर लौटेगी ठंड और बारिश
राजधानी दिल्ली में फरवरी की शुरुआत हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ हो सकती है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा, जिससे शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर
हिमाचल प्रदेश में रविवार को कई इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई। IMD ने राज्य के कई हिस्सों के लिए अगले तीन दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
- शिमला जिले के शिलारू में लगभग 5 सेमी बर्फबारी
- कुल्लू जिले के कोठी में करीब 5 सेमी बर्फ
- कुफरी में लगभग 4 सेमी ताजा बर्फबारी दर्ज की गई
मौसम विभाग के अनुसार यह सिलसिला रुक-रुक कर जारी रह सकता है।
दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बढ़ेगी सक्रियता
IMD ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक बारिश और बर्फबारी ला सकते हैं।
इसके अलावा 1 से 3 फरवरी के बीच उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के आसपास के इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। सुबह-शाम कोहरा भी रह सकता है, जिससे ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।
तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट संभव
IMD के मुताबिक अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
बारिश के बावजूद सर्दी के हालात बने रहने की चेतावनी दी गई है।
साभार…
Leave a comment