मध्यप्रदेश पुलिस का साइबर अपराध पर प्रहार, शिवपुरी में 20 आरोपी गिरफ्तार
Major action: पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) ए. साईं मनोहर के निर्देशानुसार साइबर अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा प्रदेशभर में “ऑपरेशन मैट्रिक्स (Mule Account Tracking, Removal & Investigation Exercise)” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शिवपुरी पुलिस ने बीते एक सप्ताह में साइबर अपराधियों के विरुद्ध 4 एफआईआर दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
करोड़ों की संपत्ति और उपकरण जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- 29 मोबाइल फोन
- 7 चार पहिया वाहन
- 1 मोटरसाइकिल
- ₹1,20,000 नगद
- 7 बैंकों की पासबुक
- 16 एटीएम कार्ड
- कई सिम कार्ड
सहित लगभग ₹1 करोड़ 7 लाख की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के पर्यवेक्षण में गठित 9 टीमों द्वारा की गई।
ऐसे फंसाते थे शिकार को
जांच में सामने आया कि गिरोह महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील चैट करता था। वीडियो रिकॉर्डिंग कर बाद में स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर दुष्कर्म एवं चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देता था।
आरोपी “डिजिटल गिरफ्तारी” का भय दिखाकर केस सेटलमेंट के नाम पर अवैध वसूली करते थे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड से अवैध निकासी, फर्जी लोन स्वीकृति और अन्य वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। गिरोह द्वारा HIIU, TOKKI, MIKA, ELOELO, GAGA, HANI, SUGO, COMMECTO, HITSU, HONEY और COMET जैसी ऑनलाइन एप्लीकेशनों का उपयोग कर लोगों को जाल में फंसाया जाता था।
पुलिस की अपील
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल, अश्लील चैट या निजी जानकारी साझा न करें। यदि कोई स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल गिरफ्तारी या आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी देता है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। प्रदेश में साइबर अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
साभार…
Leave a comment