Tuesday , 24 February 2026
Home Uncategorized Hot issue: मध्य प्रदेश विधानसभा में गरमाया मुद्दा: हजारों रिक्त पदों पर सरकार घिरी
Uncategorized

Hot issue: मध्य प्रदेश विधानसभा में गरमाया मुद्दा: हजारों रिक्त पदों पर सरकार घिरी

मध्य प्रदेश विधानसभा में गरमाया मुद्दा

बजट सत्र के सातवें दिन हंगामा; उद्योग, विश्वविद्यालय और आजीविका मिशन पर भी तीखी बहस

Hot issue: भोपाल में चल रहे मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन सदन में सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों का मुद्दा जोरशोर से उठा। विपक्ष ने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में हजारों पद रिक्त हैं, जिससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा।

प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी विधायकों ने आंकड़ों के साथ सरकार से पूछा कि रिक्त पदों को भरने की समय-सीमा क्या है। जवाब में संबंधित मंत्री ने स्वीकार किया कि कुछ विभागों में पद खाली हैं, लेकिन चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वित्तीय और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द विज्ञापन जारी होंगे और पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां की जाएंगी।


हाकरी शक्कर कारखाना मामला

भाजपा विधायक गोविंद सिंह शर्मा ने बुरहानपुर के हाकरी शक्कर कारखाने में भूमि दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त हो चुका है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


उद्योग स्थापना और नई औद्योगिक नीति

कांग्रेस विधायक सेना महेश पटेल ने जिलों में उद्योग स्थापना और रोजगार सृजन के आंकड़ों पर सवाल उठाए। जवाब में मंत्री गौतम टेटवाल ने बताया कि प्रदेश में निवेश प्रोत्साहन विभाग के तहत ‘उद्योग संवर्धन नीति 2025’ लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि अलीराजपुर जिला में 12,550 जीवित पंजीयन दर्ज हैं। छकतला कला में 6 हेक्टेयर और सेजवाड़ा (तहसील चंद्रशेखर आजाद नगर) में 21.3 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।


महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में भुगतान पर सवाल

महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा भी सदन में उठा। भाजपा विधायक ललिता यादव ने बिना प्रशासकीय स्वीकृति करोड़ों रुपये के भुगतान का आरोप लगाया। उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने बताया कि कुल 27 करोड़ 50 लाख रुपये का भुगतान कार्य परिषद के प्रस्ताव के आधार पर लोक निर्माण विभाग (पीआईयू), जिला छतरपुर को किया गया। उन्होंने कहा कि भुगतान नियमानुसार हुआ है, फिर भी आपत्ति होने पर जांच कराई जा सकती है।


टंट्या भील विश्वविद्यालय: 140 शैक्षणिक पद खाली

टंट्या भील विश्वविद्यालय को लेकर बड़ा खुलासा हुआ। कांग्रेस विधायक डॉ. झूमा सोलंकी के प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री इन्दर सिंह परमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में कुल 140 शैक्षणिक पद स्वीकृत हैं—

  • सहायक प्राध्यापक: 80
  • सह प्राध्यापक: 40
  • प्राध्यापक: 20

वर्तमान में सभी पद रिक्त हैं। फिलहाल कुछ शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि 4–5 माह में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।


आजीविका मिशन में गड़बड़ी का आरोप

कांग्रेस विधायक राम सिया भारती ने छतरपुर में संचालित आजीविका मिशन में अनियमितताओं का आरोप लगाया। मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जांच 28 फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।


डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का राहुल गांधी पर हमला

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने राहुल गांधी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान अब सच्चाई समझ चुके हैं। वहीं कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने भी राहुल गांधी की कृषि संबंधी जानकारी पर सवाल उठाए।


नेता प्रतिपक्ष का ट्रेड डील पर हमला

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्र सरकार की ट्रेड डील को किसानों के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने कहा कि डील के बाद कपास के दाम गिरने लगे हैं और इससे सरसों, सोयाबीन व कपास उत्पादक किसानों पर असर पड़ेगा।

सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसानों पर करीब 1 लाख 69 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है और सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी प्रदेश में किसानों की आवाज उठाने आ रहे हैं।

साभार…

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Alert: बस संचालकों की हड़ताल की चेतावनी: 2 मार्च से अनिश्चितकालीन बंद

नई स्टेट कैरेज नीति के विरोध में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन Alert:...

Injured: जीप की टक्कर से सबइंजीनियर घायल

गंभीर हालत में जिला अस्पताल किया रेफर Injured: बैतूल। पीडब्ल्यूडी के सबइंजीनियर...

Accident: सड़क से डेढ़ फीट नीचे शोल्डर होने से घटी रही दुर्घटनाएं

बैतूल-मुलताई फोरलेन पर कई जगह बनी हुई है स्थिति Accident: बैतूल। सड़क...

Accident: दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत

सगाई समारोह से लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, जिला अस्पताल...