फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद, देर रात बंगले पर पहुंचे नकाबपोश युवक
टिकमगढ़। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 22 फरवरी की रात की बताई जा रही है।
फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट और धमकी
उमिता लोधी के अनुसार, उन्होंने 21 फरवरी को फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी। 22 फरवरी की रात लगभग 10:30 बजे “जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा” नाम की एक आईडी से उस पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। कमेंट में उमिता लोधी और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल सिंह लोधी को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी भरा संदेश देखते ही उन्होंने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया।
धमकी के आधे घंटे बाद बंगले पर पहुंचे नकाबपोश युवक
उमिता लोधी ने बताया कि ऑनलाइन धमकी के करीब आधे घंटे बाद, रात लगभग 11 बजे दो नकाबपोश युवक उनके देहात थाना क्षेत्र स्थित बंगले पर पहुंच गए। जब उन्होंने छज्जे से नीचे झांककर देखा तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए दोबारा जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, सीसीटीवी और साइबर जांच शुरू
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों के अनुसार, बंगले और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही साइबर सेल की टीम उस सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे धमकी दी गई थी।
सख्त कार्रवाई की मांग
चूंकि मामला पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ा है, इसलिए पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सक्रियता से कार्रवाई कर रही है। पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने घटना की पुष्टि करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियां कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
साभार…
Leave a comment