अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पीछे छूटी पत्नी और दो बेटियां
Accidents: बैतूल। बैतूल जिले के महदगांव निवासी 48 वर्षीय किसान की गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से गुटखा लेने जा रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए गए किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक बाबूराव आनंदराव (48) पेशे से किसान थे और अपने परिवार का भरण-पोषण खेती-किसानी से करते थे। गुरुवार शाम वे अपनी मोटरसाइकिल से पास के डहरगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बाबूराव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 23 वर्ष और 15 वर्ष बताई गई है। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना पर कोतवाली थाना बैतूल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा तैयार किया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Leave a comment