दमकल की मशक्कत से आग पर काबू, 2 से 3 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
Fire: बैतूल। शहर की कृषि उपज मंडी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब व्यापारी पवन राठौर के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के व्यापारियों और मजदूरों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग तेजी से फैल गई और गोदाम में रखा वारदाना (बोरियां) तथा लहसुन और प्याज का स्टॉक इसकी चपेट में आ गया। कुछ ही देर में पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय व्यापारियों और मजदूरों ने आग बुझाने में सहयोग किया, जिससे आग को आसपास की दुकानों और अन्य गोदामों तक फैलने से रोक लिया गया और बड़ा नुकसान टल गया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में करीब 2 से 3 लाख रुपये का नुकसान होने की संभावना है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन स्टॉक जांच और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जांच जारी
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है।
घटना के बाद मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन संसाधनों को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Leave a comment