घर में बिजली बोर्ड में प्लग लगाते समय हुआ हादसा, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
Death: Betul जिले के आठनेर क्षेत्र में करंट लगने से एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला चिकित्सालय बैतूल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम छिंदवाड़, पोस्ट हीड़ली, थाना Athner निवासी शिव शंकर पिता पंजाब राव इवने (24) के रूप में हुई है।
रात में घर पर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11 बजे शिव शंकर अपने घर में बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा था या स्विच चालू कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वहां से उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जिला अस्पताल पहुंचने के बाद तड़के करीब 3 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम किया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार शिव शंकर ने Bhopal से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। परिवार में उसकी शादी की भी बात चल रही थी। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। डॉक्टरों ने लोगों से बिजली से जुड़े काम करते समय सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Leave a comment