कलेक्टर-एसपी ने सभी कर्मचारियों से की हेलमेट लगाने की अपील
Challan: बैतूल। कलेक्टर-एसपी के संयुक्त निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन में आज अपर कलेक्टर तृप्ति पटेरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी की उपस्थिति में थाना प्रभारी कोतवाली देवकरण डेहरिया, थाना प्रभारी गंज नीरज पाल, यातायात प्रभारी गजेन्द्र केन एवं थाना कोतवाली व गंज पुलिस स्टाफ के द्वारा कलेक्टर कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैतूल में विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले शासकीय कर्मचारियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
पूर्व में ही समस्त शासकीय कर्मचारियों को निर्देशित किया गया था कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करें। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने पर आज की कार्यवाही में कलेक्टर कार्यालय के 08 कर्मचारियों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के 06 पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं शासकीय कर्मचारियों द्वारा स्वयं नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
एसपी ने की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन द्वारा जिले के समस्त नागरिकों एवं शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों से अपील की गई है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें। चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतें तथा दूसरों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत करें। साथ ही निर्देशित किया गया है कि भविष्य में भी जिले में इस प्रकार की सघन चालानी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment