थाना कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, ₹5 हजार का इनामी आरोपी बांद्रा से पकड़ा गया
Arrested: बैतूल। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशानुसार महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत थाना कोतवाली बैतूल पुलिस ने फरार आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
प्रकरण का विवरण
13 जनवरी 2026 को पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी राहुल उईके ने शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाए तथा बाद में मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस रिपोर्ट पर थाना कोतवाली बैतूल में अपराध क्रमांक 36/26 धारा 69, 296(बी), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। आरोपी राहुल पिता प्रेम उईके (उम्र 29 वर्ष), निवासी ग्राम माथनी, घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
मुंबई से गिरफ्तारी
लगातार तलाश के बाद 20 फरवरी 2026 को आरोपी को बांद्रा, मुंबई से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक अरुण यादव, प्रधान आरक्षक दीपक कटियार, आरक्षक प्रदीप कहार तथा साइबर सेल आरक्षक राजेन्द्र धाडसे की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं युवतियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शादी या अन्य प्रलोभन देकर शारीरिक, मानसिक या भावनात्मक शोषण करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध गंभीर एवं दंडनीय हैं और जिला पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Leave a comment