चिचोली सीईओ के बिफरने की इनसाइड स्टोरी
Inside story: बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 वें जन्मदिन के दिवस पर जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न सेवा कार्य किए गए थे। इसी कड़ी में चिचोली भाजपा मंडल द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर ऐसे ही कार्य किए जा रहे थे। इसी दौरान चिचोली जनपद में भाजपा नेताओं द्वारा स्व. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण के दौरान जनपद पंचायत चिचोली की सीईओ से भाजपा नेताओं की तीखी बहस का वीडियो वायरल हुआ था। परिसर में गंदगी और मूर्तियों पर जमी बीट देखकर नेताओं ने आपत्ति जताई, जिस पर सीईओ ने कार्यक्रम रोकने की बात कही। जिसको लेकर बाद में यह भी चर्चा सामने आई कि अब दोनों पक्षों में इस मामले में समझौता हो गया है। लेकिन जनपद सीईओ के बिफरने के पीछे कारण उनकी आधिकारिक चेम्बर में उनकी टेबल पर थूकने का मामला सामने आ रहा है।
सीईओ के गुस्से का वीडियो हुआ था वायरल
जनपद पंचायत परिसर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाह, मंडल अध्यक्ष अमन आवलेकर, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मालवीय, पार्षद एवं क्षेत्र के दिग्गज भाजपा नेता आशुतोष बाली मालवीय सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जनपद सीईओ प्रतिभा जैन के चेम्बर में पहले भाजपा नेताओं से बहस हुई वहीं किसी व्यक्ति ने सीईओ के टेबल पर थूक दिया था। जिसको देखकर सीईओ क्रोधित हुई और उसके बाद बाहर आकर पुन: भाजपा नेताओं और जनपद सीईओ के बीच तीखी बहस हो गई।
बहस से भाजपा नेता भी हुए आक्रोशित
मामला इतना गरमा गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। भाजपा नेताओं को अधिकारी का रवैया नागवार गुजरा और उन्होंने सीईओ को हटवाने तथा चिचोली नगर बंद करने की धमकी दे डाली। इस मामले का वीडियो शुक्रवार को सामने आया।
बीजेपी नेता और सीईओ के बीच की बातचीत
सीईओ प्रतिभा जैन-यह जनपद पंचायत का परिसर है। यहां नगरपालिका कोई कार्यक्रम नहीं कर सकती।
अनिल कुशवाह पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष-लेकिन यहां कचरा पड़ा है, सफाई तो करनी होगी। रोकने का कोई अधिकार नहीं है।
सीईओ- गलत बात नहीं है भैया! देखो, पूरा परिसर थूका हुआ है। टेबल पर थूक कर जाते हैं। मैं गुटखा खाती हूं क्या?
बाली मालवीय पार्षद- मैडम, बहुत गलत बोल रही हो। हमारे मुंह पर थूका जा रहा है, इसका वीडियो रिकॉर्डिंग भी है।
सीईओ-यहां रहना कौन चाहता है? छह साल से कोई सीईओ टिक ही नहीं पाया। नेताओं का स्वागत ही ऐसा है और ऊपर से दबाव बनाते हो।
कांग्रेस ने लगाया महिला अधिकारी को धमकाने का आरोप
कांग्रेस ने इस मामले बीजेपी नेताओं पर अधिकारी को धमकाने का आरोप लगाय है। नगर परिषद चिचोली वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा रूपेश आर्य ने बैतूल कलेक्टर को पत्र लिखकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। नेहा आर्य ने अपने पत्र में लिखा कि 17 सितंबर बुधवार को चिचोली जनपद परिसर में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता किसी कार्यक्रम में एकत्रित हुए थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही भाजपा नेताओं द्वारा महिला सीईओ चिचोली पर अनावश्यक दबाव डाला गया था। इस घटना का उल्लेख स्वयं सीईओ ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में किया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि जब सीईओ परिसर में आईं और नियमों के अनुसार बात करने लगीं तो वहां मौजूद भाजपा नेताओं ने उन्हें घेरकर दबाव बनाने और धमकाने का प्रयास किया। एक महिला अधिकारी के करीब जाकर उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। इस बीच महिला कर्मचारियों ने सीईओ को सुरक्षित अंदर ले जाकर बचाया। यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस ने अधिकारी से की टेबल पर थूकने के भी आरोप लगाए
कांग्रेस पार्षद नेहा आर्य ने प्रशासन से सवाल पूछे हैं कि क्या इस कार्यक्रम के पूर्व इसकी कोई जानकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दी गई थी। साथ ही सीईओ द्वारा सफाई को लेकर उठाए गए मुद्दे की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने यह भी पूछा कि सीईओ के कक्ष में उनके टेबल पर किसने थूका था और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। इस पूरे मामले की सीईओ ने अपने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी थी, लेकिन जांच किस स्तर पर और किस अधिकारी द्वारा की गई, यह स्पष्ट होना चाहिए।
सीईओ बोलीं- हमें सूचना नहीं मिली थी, कंफ्यूजन हो गया था
घटना के दो दिन बाद 19 सितंबर को सीईओ प्रतिभा जैन ने कहा कि यह 17 सितंबर की बात है। हमारे जनपद कार्यालय में तीन प्रतिमाएं स्थापित हैं। दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने नगर परिषद से जनप्रतिनिधि आए थे। उनका कहना था कि व्यवस्था नहीं थी। हमें कोई सूचना नहीं दी गई थी, इसलिए तैयारी नहीं हो पाई। दरअसल, हमारा कार्यक्रम पंचायत क्षेत्रों में था। यह केवल कंफ्यूजन की वजह से बहस हुई, बाद में चर्चा कर समाधान निकाल लिया गया, अब कोई समस्या नहीं है।
पार्षद बाली मालवीय बोले-गलतफहमी थी, दोनों ने गलती मानी
पार्षद बाली मालवीय ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहा है। उसी कार्यक्रम के तहत हम मूर्तियों की सफाई के लिए जनपद परिसर पहुंचे थे। गांधी, अंबेडकर और दीनदयाल जी की प्रतिमाओं पर पुरानी मालाएं और बीट दिखी तो हमने नाराजगी जताई। हमने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान मूर्तियों की सफाई क्यों नहीं की गई। कर्मचारी सीईओ को जानकारी नहीं दे पाए थे। यह केवल गलतफहमी थी, बाद में दोनों पक्षों ने अपनी गलती मानी।
Leave a comment