हालत गंभीर उपचार के लिए भोपाल किया रेफर
Refer: बैतूल। जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 26 वर्षीय युवक ने खुद पर चाकू से हमला कर लिया। घटना में युवक के पेट में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे पहले जिला अस्पताल बैतूल और फिर हालत बिगडऩे पर भोपाल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार घोड़ाडोंगरी निवासी राकेश कुमार पिता बिहारी तुमडाम उम्र 26 वर्ष ने मंगलवार सुबह किसी बात से परेशान होकर खुद पर चाकू से हमला कर लिया। उसने अपने पेट पर दो वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तुरंत घोड़ाडोंगरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बैतूल भेजा गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की हालत नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज भोपाल में जारी है।
परिजनों और घायल युवक से मिली जानकारी के मुताबिक वह एक युवती से प्रेम करता था। युवती ने पहले शादी के लिए सहमति दी थी, लेकिन बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। इसी बात से आहत और परेशान होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि युवक एक होटल में काम करता है और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। घटना के बाद परिवार में हडक़ंप मच गया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment