मध्यप्रदेश में सत्ता और संगठन में मनोनयन का दौर होगा शुरू
Responsibility: बैतूल। मध्यप्रदेश भाजपा में नए अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद अब सरकार में राजनैतिक नियुक्तियां किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि सत्ता और संगठन के स्तर पर नए मनोनयन के लिए सूची बन रही है। जिसमें मध्यप्रदेश के सभी क्षेत्रों, जाति संगठनों के साथ ही पूर्व वरिष्ठ नेताओं और युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। जिसकी शुरूवात कल पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया को मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का अध्यक्ष बनाकर की गई है। इसमें बैतूल जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के निकट सहयोगी आदित्य बबला शुक्ला का नाम भी शामिल हो सकता है।
नियुक्तियों को लेकर मिली हरी झंडी
पार्टी सूत्रों का कहना है कि संभावित नामों को लेकर दो दौर की बातचीत हो गई है। नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ प्रारंभिक बातचीत के बाद नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। दिल्ली से नियुक्तियों को लेकर हरी झंडी मिल गई है। गुरुवार को सीएम आवास पर खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद की बैठक हुई। संगठन पर दिल्ली से जल्द राजनीतिक नियुक्तियां करने का दबाव है। ऐसा न होने पर कार्यकर्ता पार्टी से दूर होता चला जाएगा।
40 से अधिक पद खाली
सरकार में राजनीतिक नियुक्तियों के बाद संगठन में जो पद रिक्त होंगे, वहां नए लोग लाए जाएंगे। निगम-मंडल, प्राधिकरण और आयोग के साथ कॉलेजों की जनभागीदारी समिति और निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति के नाम भी ले लिए गए हैं। अभी 40 से अधिक निगम-मंडल व बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पद खाली हैं। गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में सरकार के गठन के बाद बाद विभिन्न निगम और मंडलों के अध्यक्षों व अन्य को हटा दिया गया था। इसके बाद विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव इस पद पर बैठे। बाद में मंत्रियों को जिम्मेदारी दे दी गई। जिन लोगों को निगम-मंडलों, प्राधिकरणों या आयोगों में एडजस्ट होना था, उनका इंतजार बढ़ता जा रहा है।
बबला का राजनैतिक सफर

बैतूल की भाजपा की राजनीति में आदित्य बबला शुक्ला का हमेशा अहम रोल दिखाई देता है। छात्र राजनीति के साथ ही आदित्य बबला शुक्ला का राजनैतिक सफर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश युवा मोर्चा के कार्य समिति सदस्य बनाया गया था। उनकी संगठन के प्रति कुशल कार्यशैली को देखते हुए भाजपा ने संगठन में एक बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उन्हें जिला भाजपा अध्यक्ष बनाया था। इसके साथ ही श्री शुक्ला को जिला योजना समिति के सदस्य के रूप में कार्य करने का मौका मिला। पार्टी की तरफ से हर चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते आ रहे हैं।
Leave a comment