15 से ज्यादा जिलों में बारिश, 25 जिलों में फसल नुकसान की आशंका
Season: मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और कुछ जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान भोपाल, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर और छतरपुर समेत 15 से अधिक जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश के करीब आधे हिस्से में ठंड, नमी और बादल छाए रहने का असर देखा जा रहा है।
आंधी-ओलावृष्टि से फसलों पर असर
तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में गेहूं की फसलें आड़ी हो गई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, फसल के गिरने से दानों की गुणवत्ता और उत्पादन पर असर पड़ सकता है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ेंगी। करीब 25 जिलों में फसल नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। राजस्व विभाग का अमला प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसलों का आकलन कर रहा है।
भोपाल में रात से जारी बारिश, दिन में नहीं निकली धूप
राजधानी भोपाल में गुरुवार देर रात से हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। पूरे दिन धूप नहीं निकलने से ठंडक बनी रही। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि प्रदेशभर में पारा 12 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।
भोपाल: रातें ठंडी, दिन गर्म
भोपाल में मौसम का ट्रेंड अलग रहा है। वर्ष 2014 से 2024 के बीच चार साल ऐसे रहे जब दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं सात साल रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इस वर्ष फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री से अधिक बना हुआ है।
ग्वालियर में कड़ाके की ठंड का ट्रेंड
ग्वालियर में सर्दियों में कड़ाके की ठंड पड़ती है, जिसकी मुख्य वजह उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाएं हैं। 4 फरवरी 2018 को यहां न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो रिकॉर्ड स्तर था। साल 2019, 2022 और 2023 में भी तापमान 3 डिग्री से नीचे रहा। इस बार फरवरी की शुरुआत में ही यहां बारिश का दौर देखने को मिला है।
जबलपुर में भी बदलता रहता है मौसम
जबलपुर में फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक पहुंच जाता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री के आसपास रहता है। यहां फरवरी में बारिश का ट्रेंड भी देखा जाता है। पिछले 10 वर्षों में से 6 वर्षों में फरवरी के दौरान बारिश दर्ज की गई है।
उज्जैन में गर्मी, ठंड और बारिश का मिश्रण
उज्जैन में फरवरी के दौरान गर्मी और ठंड के साथ कभी-कभी बारिश भी होती है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंचता है, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जाता है। हालांकि यहां फरवरी में बारिश का ट्रेंड अपेक्षाकृत कम रहा है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तक कुछ जिलों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
साभार…
Leave a comment