कुछ माह में ही बदल दिए मंडल प्रभारी
Shift: बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संभागीय संगठन प्रभारी कांतदेव सिंह, केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके, जिला संगठन प्रभारी सुदर्शन गुप्ता की सहमति से जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए जिले के सभी 30 मंडलों के प्रभारी व सह प्रभारी नियुक्त किए गए है। जिनमें कुछ पुराने मंडल प्रभारियों को क्षेत्रफल की दृष्टि से छोटे मंडलों से बड़े मंडल और एक नेता को बड़े मंडल से छोटे मंडल में भेजा गया है जिसकी राजनैतिक हलकों में विशेष चर्चा हो रही है।
अतीत-आनंद को मिले महत्वपूर्ण मंडल

नगर पालिका पार्षद आनंद प्रजापति एवं जिला भाजपा के कार्यालय मंत्री अतीत पंवार वर्षों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इन्हें समय-समय पर कई निर्वाचित संस्थाओं में भी भाजपा ने प्रतिनिधित्व देने का अवसर दिया है। हाल ही में मंडल प्रभारियों की सूची में इन दोनों वरिष्ठ नेताओं को छोटे मंडलों में प्रभार दिया गया था जिसमें आज सुधार दिख रहा है। पूर्व में आनंद प्रजापति पाढर मंडल के प्रभारी थे लेकिन कल जारी सूची में उन्हें आमला जैसे महत्वपूर्ण और बड़े मंडल का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह से नागरिक बैंक के पूर्व अध्यक्ष अतीत पंवार को पूर्व में बोरदेही जैसे छोटे से मंडल का प्रभार दिया हुआ था लेकिन कल उन्हें भी राजनैतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मुलताई मंडल का प्रभारी बना दिया गया है।
सुनील गुड्डू शर्मा को सांईखेड़ा का बनाया प्रभारी

विधानसभा चुनाव 2023 के शीघ्र बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद को छोडक़र भाजपा में शामिल होने वाले सुनील गुड्डू शर्मा को भाजपा संगठन में जिम्मेदारी मिलने में लगभग डेढ़ से दो वर्ष लग गए और उन्हें भाजपा संगठन में मंडल प्रभारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के अंतर्गत मुलताई विधानसभा के अंतर्गत आने वाले पट्टन ब्लाक का मंडल प्रभारी बनाया गया था। पट्टन क्षेत्र कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे का क्षेत्र माना जाता है और कांग्रेस में सुनील शर्मा और सुखदेव पांसे का राजनैतिक विवाद विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद और बढ़ गया था इसीलिए पट्टन का प्रभार दिए जाने के समय यह माना गया कि भाजपा एक तीन से दो शिकार कर रही है। एक तो गुड्डू शर्मा को पार्टी में स्थापित कर दिया वहीं सुखदेव पांसे के खिलाफ राजनैतिक गतिविधियों के लिए ऐसे व्यक्ति को चुना जिसकी सुखदेव पांसे से बिल्कुल नहीं पटती है लेकिन कल आश्चर्यजनक रूप से मंडल प्रभारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन की सूची में सुनील गुड्डू शर्मा से पट्टन की जिम्मेदारी लेते हुए मुलताई विधानसभा क्षेत्र के सांईखेड़ा मंडल का प्रभार दिया गया है। क्षेत्रफल और राजनैतिक दृष्टि से सांईखेड़ा पट्टन से छोटा माना जाता है।
भाजपा ने इन्हें बनाया मंडल प्रभारी और सह प्रभारी
कल जारी सूची में बैतूल गंज मंडल प्रभारी राजेन्द्र मालवीय, सह प्रभारी पूरन साहू, कोठीबाजार मंडल सुधाचंद्रा, सह प्रभारी कैलाश बंडु धोटे, खेड़ीसावलीगढ़ मंडल कांतिलाल यादव, सह प्रभारी रूपेश अग्रवाल, बडोरा मंडल रश्मि साहू, सह प्रभारी अंकित ठाकरे, बैतूलबाजार मंडल अशोक नागले, सह प्रभारी दीपक वर्मा, आठनेर नगर मंडल नरेन्द्र गढेकर, सह प्रभारी अजय पोटफोडे, आमला नगर मंडल आनंद प्रजापति, सह प्रभारी गणेश यादव, बोरदेही मंडल नितिन सिंह गौतम, सह प्रभारी अशोक रघुवंशी, मोरखा मंडल जगदीश पंवार , सह प्रभारी किशनसिंह रघुवंशी, सारनी नगर मंडल राजेश आहूजा, सह प्रभारी भीमबहादूर थापा, बगडोना मंडल विशालसिंह ठाकुर, सह प्रभारी मोहन मोरे, मुलताई नगर मंडल अतीत पंवार, सहप्रभारी तूलसीराम बारस्कर, सांईखेडा मंडल सुनील गुडडू शर्मा, सह प्रभारी प्रमोद धोटे, प्रभातपटटन मंडल देवीसिंह ठाकुर , सह प्रभारी राजेश सोनारे, मासोद मंडल इंद्रपाल पुण्डे, सह प्रभारी राजू ठाकरे, दुनावा मंडल वर्षा गढेकर, सह प्रभारी परसराम खाकरे, भैसदेही नगर मंडल मधु पाटनकर, सह प्रभारी केशर लोखंडे, झल्लार मंडल कमलेश राठौर, सह प्रभारी सीताराम चढोकार, सावलमेंढा मंडल भास्कर मगरदे, सह प्रभारी कैलाश शिवहरे, भीमपुर मंडल हंसराज धुर्वे, सह प्रभारी सुनील अडलक, रतनपुर मंडल नरेश फाटे, सहप्रभारी प्रशांत शुक्ला, दामजीपुरा मंडल महेश्वर सिंह चंदेल, सह प्रभारी गुरदीपसिंह सलूजा, हिडली मंडल मनोज जगताप, सहप्रभारी डा.प्रमोद नरवरे, घोडाडोगरी मंडल कमलेश सिंह , सहप्रभारी बीजालाल धुर्वे, चोपना मंडल किशोर बरदे, सहप्रभारी चैतन्य राय, पाढर मंडल दीपक सलूजा, सह प्रभारी अजय वाजपेयी, शाहपुर मंडल राजसिंह परिहार, सह प्रभारी मनीष कुमरे, भौरा मंडल अबिजर हुसैन, सह प्रभारी दुर्गासिंह नायक, चिचोली नगर मंडल तपन मालवीय ,सह प्रभारी नितेश आंवलेकर, चिरापाटला मंडल में प्रभारी डा.महेन्द्रसिंह चौहान एवं ओमप्रकाश यादव को मंडल का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
Leave a comment