कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने दी जानकारी, 44 हजार से अधिक नाम हटे, 12 हजार से ज्यादा नए मतदाता जुड़े
SIR Survey:: छिंदवाड़ा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें फाइनल वोटर लिस्ट और सर्वे के दौरान की गई कार्यवाहियों की जानकारी साझा की गई। इसके बाद पत्रकार वार्ता में भी विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत किए गए।
जिला हुआ “छोटा”, कम हुई मतदाता संख्या
कलेक्टर ने बताया कि जिले में कुल 5 विधानसभा क्षेत्र हैं। SIR के अंतिम सर्वे के बाद जिले में कुल 11,82,490 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें:
- 5,95,040 पुरुष मतदाता
- 5,87,435 महिला मतदाता
- 15 थर्ड जेंडर मतदाता
जिले का जेंडर रेशो 987 और ई.पी. रेशो 67.21 प्रतिशत दर्ज किया गया है। सर्वे के बाद जिले में 132 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जिससे कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1,594 हो गई है। प्रशासन का कहना है कि नए केंद्रों से मतदाताओं को सुविधा और मतदान प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद है।
44,112 मतदाताओं की छंटनी
SIR प्रक्रिया से पहले जिले में कुल 12,26,602 मतदाता पंजीकृत थे। सर्वे के दौरान:
- 59,368 एएसडी (Absent, Shifted, Dead) मतदाता चिन्हित किए गए
- 7,860 नो-मैपिंग प्रकरण सामने आए
डिलीशन की कार्रवाई के बाद मतदाता संख्या घटकर 11,67,234 रह गई थी। इसके बाद दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूरी कर अंतिम सूची जारी की गई।
दावा-आपत्ति में 12,839 नए नाम जुड़े
दावा-आपत्ति की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित थी। इस दौरान:
फॉर्म-6 (नाम जोड़ने के लिए):
- 12,967 आवेदन प्राप्त
- 128 आवेदन अस्वीकृत
- 12,839 आवेदन स्वीकृत
फॉर्म-7 (नाम हटाने के लिए):
- 2,262 आवेदन प्राप्त
- 74 आवेदन अस्वीकृत
- 2,188 आवेदन स्वीकृत
इस प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
राजनीतिक दलों ने पारदर्शिता की सराहना की
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फाइनल वोटर लिस्ट की जानकारी दी गई। कलेक्टर हरेन्द्र नारायण ने बताया कि बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से कार्य किया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी SIR प्रक्रिया को संतोषजनक एवं पारदर्शी बताते हुए प्रशासनिक टीम की सराहना की और सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
साभार…
Leave a comment