Strictness: कल की बड़ी खबर E20 पेट्रोल और सिम बाइंडिंग नियमों से जुड़ी रही। केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल से देशभर में 20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) की बिक्री अनिवार्य कर दी है। वहीं, मैसेजिंग ऐप्स के लिए ‘सिम बाइंडिंग’ नियमों की 28 फरवरी की डेडलाइन बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया गया है।
कल की बड़ी खबरों से पहले आज की अहम सुर्खियां—
- तीसरी तिमाही का GDP डेटा आज जारी होगा।
- शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल सकती है।
- पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
1. 1 अप्रैल से 20% एथेनॉल मिक्स पेट्रोल अनिवार्य
केंद्र सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी कर 1 अप्रैल से देशभर में E20 पेट्रोल की बिक्री अनिवार्य कर दी है। अब सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तेल कंपनियों को 20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल ही सप्लाई करना होगा।
हालांकि देश के कई हिस्सों में E20 पेट्रोल की शुरुआत 2023 से ही हो चुकी थी, लेकिन तब यह वैकल्पिक (ऑप्शनल) था। सरकार ने एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य पहले 2030 रखा था, जिसे घटाकर 2025-26 कर दिया गया और अब इसे पूरी तरह लागू किया जा रहा है।
क्या होगा असर?
- पुरानी गाड़ियों के माइलेज पर असर संभव।
- फ्लेक्स-फ्यूल या E20 कम्पैटिबल इंजन वाली गाड़ियों को प्राथमिकता।
- कच्चे तेल के आयात में कमी और किसानों को एथेनॉल उत्पादन से लाभ।
सरकार का दावा है कि इससे पेट्रोल पर निर्भरता घटेगी और पर्यावरणीय प्रदूषण कम होगा।
2. 1 मार्च से सिम कार्ड के बिना नहीं चलेगा वॉट्सएप
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि ‘सिम बाइंडिंग’ नियमों की 28 फरवरी की डेडलाइन नहीं बढ़ाई जाएगी। नए नियमों के तहत मोबाइल में सक्रिय सिम कार्ड न होने पर WhatsApp, Telegram, Signal, Snapchat, ShareChat, JioChat, Josh जैसे मैसेजिंग ऐप काम नहीं करेंगे। इसके अलावा कंप्यूटर पर लॉगिन किया गया वॉट्सएप हर 6 घंटे में ऑटोमैटिक लॉगआउट हो जाएगा।
सरकार का तर्क
सरकार का कहना है कि इससे साइबर धोखाधड़ी पर रोक लगाने और फर्जी अकाउंट्स की पहचान करने में मदद मिलेगी।
इन दोनों फैसलों का असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है—एक ओर वाहन उपयोगकर्ताओं को E20 पेट्रोल अपनाना होगा, तो दूसरी ओर मोबाइल उपयोगकर्ताओं को सिम से जुड़े नए नियमों का पालन करना पड़ेगा।
साभार…
Leave a comment