Traffic jam: बैतूल। बैतूल स्थित बडोरा क्षेत्र की कृषि उपज मंडी के पास शुक्रवार को एक बार फिर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। बैतूल-मुलताई-आठनेर मार्ग पर उपज लेकर आने वाले ट्रैक्टरों और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारों के कारण सामान्य यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। खबर लिखे जाने तक बडोरा चौक पर वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं और यातायात सुचारू नहीं हो सका।
यह समस्या मंडी खुलने के दिनों में अक्सर देखने को मिलती है। ट्रैक्टर और मालवाहक वाहन मंडी परिसर से निकलकर मुख्य सड़क तक कतार में खड़े हो जाते हैं। इसके चलते आम वाहन चालक और राहगीरों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। त्योहारी सीजन या छुट्टियों के बाद जब मंडी दोबारा खुलती है, तब यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
मुख्य सड़क से जुड़ा है मंडी का प्रवेश द्वार
बडोरा स्थित मंडी का प्रवेश द्वार सीधे मुख्य सड़क से जुड़ा हुआ है, जिससे यहां वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। मंडी परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण उपज लेकर आने वाले वाहन सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं। इससे आम जनता और स्थानीय यातायात प्रभावित होता है।
7 करोड़ की लागत से बनेगी नई सड़क
समस्या के समाधान के लिए हेमंत खंडेलवाल ने लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई है। प्रस्तावित सड़क मंडी के पिछले हिस्से से निकलेगी और सीधे हाईवे से जुड़ेगी। परियोजना पूरी होने के बाद वर्तमान मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस से नहीं हो सका संपर्क
नई सड़क की स्वीकृति के बावजूद फिलहाल जमीनी स्थिति में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। अव्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस अमले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक वैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं होता और मंडी में समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं बनाई जाती, तब तक जाम की समस्या से निजात मिलना मुश्किल है।
Leave a comment