20 जनवरी को औपचारिक घोषणा, पीएम मोदी और अमित शाह बनेंगे प्रस्तावक
BJP President Election: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार, 19 जनवरी 2026 को अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि 20 जनवरी को औपचारिक रूप से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
इस अवसर पर बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नितिन नबीन के प्रस्तावक बनेंगे।
5708 मतदाता करेंगे चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस चुनाव में पार्टी के 5708 मतदाता मतदान प्रक्रिया में शामिल होंगे। ये सभी मतदाता राष्ट्रीय और प्रदेश परिषद के सदस्य हैं, जो पार्टी के इलेक्टोरल कॉलेज का हिस्सा होते हैं।
सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की तैयारी
यदि नितिन नबीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे पार्टी के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उन्हें 15 दिसंबर 2025 को ही भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। तभी से उनके नाम पर मुहर लगने की अटकलें तेज थीं, जो अब औपचारिक प्रक्रिया में बदल चुकी हैं।
नितिन नबीन का प्रस्तावित कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा। चूंकि इसी दौरान लोकसभा चुनाव भी होने हैं, ऐसे में पार्टी संविधान के तहत उनके कार्यकाल के विस्तार की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
5 बार विधायक, बिहार सरकार में मंत्री
45 वर्षीय नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से
- 2006
- 2010
- 2015
- 2020
- 2025
में लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। उनके पिता किशोर सिन्हा भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे हैं।
बीजेपी संविधान के अनुसार पात्रता
भाजपा के संविधान के अनुसार—
- राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार का कम से कम 15 वर्षों से पार्टी का प्राथमिक सदस्य होना अनिवार्य है
- इलेक्टोरल कॉलेज के कम से कम 20 सदस्यों का प्रस्तावक होना जरूरी है
- कोई भी नेता अधिकतम दो कार्यकाल (6 वर्ष) तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रह सकता है
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नितिन नबीन के नाम की आधिकारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
साभार…
Leave a comment