Death: बैतूल। जिले के बोरदेही क्षेत्र के पास स्थित रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 55 वर्षीय व्यक्ति की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों की तलाश भी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दिनेश पिता श्यामलाल सिमैय्या उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम सर्रा, थाना मुलताई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 27 जनवरी को दिनेश बोरदेही के समीप रेलवे लाइन के पास किसी कारणवश ट्रेन की चपेट में आ गए थे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बोरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया था।
जिला अस्पताल में दिनेश का कई दिनों से इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच इलाज के दौरान उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन द्वारा मृत्यु की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल मृतक का शव जिला अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है। परिजनों के मिलने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दिनेश किस ट्रेन की चपेट में आए और घटना किन परिस्थितियों में हुई। रेलवे लाइन पर हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Leave a comment