स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी, विपक्ष के ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ नारे
No confidence motion नई दिल्ली। बजट सत्र के 10वें दिन मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही भारी हंगामे के कारण बार-बार बाधित रही। सुबह 11 बजे सदन शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे महज एक मिनट में ही पीठासीन सभापति पीसी मोहन को सदन दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन विपक्ष का विरोध थमा नहीं। सांसद ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ के नारे लगाते रहे, जिससे प्रश्नकाल पूरी तरह ठप हो गया।
स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
इस बीच कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाने का संकेत दिया है।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जल्द ही लोकसभा सचिव-जनरल को सौंपा जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि राहुल गांधी को सदन में बोलने से रोका जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।
नरवणे की किताब विवाद पर राहुल गांधी का हमला
लोकसभा के बाहर राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे की किताब को लेकर उठे विवाद पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा—
“या तो जनरल नरवणे झूठ बोल रहे हैं या फिर पेंगुइन। मुझे भरोसा है कि नरवणे झूठ नहीं बोलेंगे।”
राहुल का यह बयान पब्लिशिंग कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया की सफाई के बाद आया, जिसमें कंपनी ने कहा कि जनरल नरवणे की किताब अब तक प्रकाशित नहीं हुई है।
पेंगुइन की सफाई – किताब न छपी, न डिजिटल रूप में जारी
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्पष्ट किया कि—
“किताब की न तो कोई प्रिंटेड कॉपी आई है और न ही कोई डिजिटल वर्जन। पब्लिशिंग से जुड़े सभी अधिकार हमारे पास हैं और हमारी ओर से कोई सामग्री सार्वजनिक नहीं की गई है।”
यह सफाई इसलिए सामने आई क्योंकि किताब की अनधिकृत (अनऑथराइज्ड) कॉपियां लीक होने और सोशल मीडिया पर फैलने का दावा किया गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR भी दर्ज की है।
राहुल गांधी किताब लेकर संसद जाने पर अड़े
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी जनरल नरवणे की किताब लेकर लोकसभा में जाने वाले हैं। विपक्ष की मांग है कि राहुल को इस मुद्दे पर सदन में बोलने दिया जाए। इसी मांग को लेकर विपक्षी सांसद लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और संसद की कार्यवाही बाधित हो रही है।
साभार…
Leave a comment