विधायक देशमुख के प्रयासों से 18 गांवों में 3 करोड़ 18 लाख की लागत से बनेंगे भवन
Construction of the building:मुलताई। सार्वजनिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए गांवों में खुले में टेंट लगाकर आयोजन करना पड़ता है जिससे गर्मी एवं बारिश के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। समस्या के दृष्टिगत विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने ग्रामीणों के सार्वजनिक कार्य व्यवस्थित रूप से हो सके इसके लिए विधानसभा क्षेत्र में एक साथ 18 सामुदायिक भवन स्वीकृत कराए गए हैं। 3 करोड़ 16 लाख की लागत से निर्मित भवनों में ग्रामीण सार्वजनिक एवं सामाजिक कार्य बिना किसी समस्या के सुचारू रूप से संपन्न कर सकते हैं। भाजपा मंडल महामंत्री राघवेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि सामुदायिक भवनों के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक, सामुदायिक एवं सांस्कृतिक आवश्यकताओं को सशक्त बनाया जा सकेगा। उन्होने बताया कि विधायक देशमुख ने ग्रामीण अंचलों की समस्याओं के दृष्टिगत उक्त भवनों आवश्यकता महसूस करते हुए स्वीकृत कराया है जिससे सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलेगी साथ ही विकास की दिशा में यह स्वीकृति मील का पत्थर साबित होगी।
शिवधाम सालबर्डी में 24 लाख की लगत से होगा भवन का निर्माण
स्वीकृत भवनों में शिव धाम सालबर्डी के लिए 24 लाख की लागत से विशेष सामुदायिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। वर्षों से कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा मेले व अन्य अवसरों पर ठहरने हेतु भवन की मांग की जा रही थी, जिसे विधायक देशमुख ने संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। सालबर्डी में मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र से पूरे वर्ष भर श्रृद्धालुओं का तांता लगा रहता है जिसमें बारिश में श्रद्धालुओं को ठहरने की व्यवस्था नहीं होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बड़े सामुदायिक भवन के निर्माण से आगामी समय में श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
गांव गांव में होगा निर्माण, मिलेगी सुविधा
शिव धाम सालबर्डी के अलावा ग्राम डहुआ, साईखेड़ा खुर्द, चिचंडा, बिहरगांव, माथनी, पौनी, हिवरखेड़, एनखेड़ा, गौला, पिपरिया, बिहदा, दतोरा, बुआलखापा, सेमझिरा, मोही, निरगुड़ एवं सोनोरा में भी सामुदायिक भवनों का निर्माण होगा। उक्त गांवों में लंबे समय से भवनों की आवश्यकता महसूस करते हुए ग्रामीणों द्वारा विधायक से मांग की जा रही थी जिसके बाद अब भवन निर्माण की स्वीकृति से ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है।
बारिश के दौरान भी हो सकेंगे बिना परेशानी के आयोजन
सामुदायिक भवनों के निर्माण से विशेष रूप से ग्रामीणों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। ग्रामीणों के अनुसार सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यों में बारिश के दौरान व्यवधान खड़े होते थे जिससे अब राहत मिलेगी।
भवन निर्माण के तहत 20 लाख की लागत से होने वाले निर्माण में सालबर्डी, चिचंडा, साईखेड़ा खुर्द, माथनी, पौनी, हिवरखेड़, एनखेड़ा, बिहरगांव शामिल हैं। इधर 15 लाख 50 हजार की लागत से होने वाले निर्माण में गौला, डहुआ, लिहदा, पिपरिया, दतोरा, सेमझिरा, बुआलखापा, तथा मोही शामिल है। 15 लाख लागत से सोनोरा में तथा 13 लाख लागत से निरगुड़ में भवन निर्माण किया जाएगा।
Leave a comment