होटल-ढाबा संचालक भी खरीद रहे इंडक्शन, गैस की कमी से आम उपभोक्ता परेशान
Induction Heater:शिमला। गैस सिलेंडर की कमी के कारण शिमला में इंडक्शन हीटर की मांग अचानक बढ़ गई है। स्थिति यह है कि इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन हीटर की बिक्री कई गुना बढ़ गई है। गैस की किल्लत से परेशान लोग अब खाना बनाने के लिए बिजली से चलने वाले इंडक्शन हीटर को विकल्प के रूप में अपना रहे हैं।
दुकानों पर रिकॉर्ड बिक्री
इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले कारोबारी दिपेश ने बताया कि पहले उनकी दुकान से एक सप्ताह में मुश्किल से 3 से 4 इंडक्शन हीटर बिकते थे, लेकिन पिछले दो दिनों में ही करीब 35 इंडक्शन बिक चुके हैं। उनका कहना है कि गैस की कमी के कारण लोग मजबूरी में इंडक्शन हीटर खरीद रहे हैं।
इसी तरह मॉल रोड के इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी महेश चंद शर्मा ने भी इंडक्शन की मांग में आई तेजी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पहले उनकी दुकान से सप्ताह में मुश्किल से एक इंडक्शन बिकता था, लेकिन पिछले तीन से चार दिनों से रोजाना 8 से 10 इंडक्शन की बिक्री हो रही है। उनके अनुसार इनकी खरीदारी में होटल और ढाबा संचालकों की संख्या अधिक है, जबकि कुछ लोग घरेलू उपयोग के लिए भी इंडक्शन खरीद रहे हैं।
होटल संचालकों ने भी बढ़ाई खरीदारी
होटल व्यवसायी राजीव भारद्वाज ने बताया कि गैस की किल्लत के चलते उन्होंने अपने होटल के लिए 10 इंडक्शन हीटर चंडीगढ़ से मंगवाए हैं। उन्होंने कहा कि होटल में आने वाले पर्यटकों को भूखा नहीं रखा जा सकता, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। इसके अलावा उन्होंने होटल में लकड़ी से चलने वाला चूल्हा भी शुरू कर दिया है।
इंडक्शन बर्तनों की मांग भी बढ़ी
इंडक्शन हीटर की बढ़ती मांग का असर उससे जुड़े अन्य सामानों की बिक्री पर भी देखने को मिल रहा है। दुकानदारों के अनुसार इंडक्शन के साथ इस्तेमाल होने वाले विशेष बर्तनों—जैसे इंडक्शन फ्रेंडली कढ़ाही, तवा और पतीले—की बिक्री भी कई गुना बढ़ गई है। ज्यादातर ग्राहक इंडक्शन के साथ-साथ ये बर्तन भी खरीद रहे हैं।
गैस सप्लाई पर असर
जानकारों का कहना है कि खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव का असर एलपीजी सप्लाई चेन पर भी पड़ रहा है, जिससे गैस की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। शिमला में फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर लगभग नहीं मिल रहे हैं और अब घरेलू एलपीजी की कमी भी महसूस होने लगी है। ऐसे में उम्मीद कम है कि अगले कुछ दिनों में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो पाएगी।
आम लोग भी परेशान
एलपीजी की कमी से केवल होटल और ढाबा संचालक ही नहीं बल्कि आम उपभोक्ता भी परेशान हैं। यदि अगले दो से तीन दिनों में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो शहर के कई होटल और ढाबों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है।
लकड़ी के चूल्हों की वापसी
इस संकट से निपटने के लिए कई लोग पुराने समय की तरह लकड़ी से जलने वाले चूल्हों का सहारा ले रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में लोग इंडक्शन हीटर को गैस का सबसे आसान और तुरंत उपलब्ध विकल्प मानते हुए उसका इस्तेमाल शुरू कर चुके हैं।
साभार…
Leave a comment