आंधी, बिजली और ओलों का खतरा, किसानों की बढ़ी चिंता
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक खतरनाक रुख अपना लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज 34 जिलों में अलर्ट जारी किया है, जहां ओले गिरने, तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन एक साथ सक्रिय होने से पूरे प्रदेश का मौसम बिगड़ गया है। पिछले दो दिनों से अलग-अलग जिलों में लगातार बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का असर देखा जा रहा है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का खतरा
सिवनी, मंडला, बालाघाट, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
इन क्षेत्रों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
28 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
प्रदेश के अन्य 28 जिलों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भोपाल समेत कई शहरों में बदला मौसम
राजधानी भोपाल में देर रात और तड़के सुबह तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, बैतूल, मैहर और पांढुर्णा में भी मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश हुई। ओलावृष्टि और तेज बारिश से गेहूं और संतरे की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह खेतों में खड़ी फसल गिर गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
जनजीवन पर असर की आशंका
कई जिलों में आंधी की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे बिजली आपूर्ति और यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 मार्च के बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा और प्रदेश में फिर से गर्मी बढ़ेगी। आने वाले दिनों में कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
साभार…
Leave a comment