Religious Faith: बैतूल। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व के अवसर पर सदर स्थित काशीतालाब के समीप छिन्नमस्तिका माता मंदिर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला। नवरात्रि के दौरान विधि-विधान से हवन-पूजन एवं माता की आराधना संपन्न की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। नवरात्रि के समापन दिवस पर पूर्णाहुति कार्यक्रम आयोजित किया गया। हवन की पूर्णाहुति के बाद कन्या पूजन किया गया, जिसमें बालिकाओं को माता स्वरूप मानकर उनका पूजन कर प्रसादी वितरित की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसादी का शुभारंभ किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

श्री सिद्ध दशमहाविद्या श्रीश्री छिन्नमस्तिका मातेश्वरी पंजीकृत ट्रस्ट के अध्यक्ष नवनीत गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के कारण पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा। आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आज नवमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी मुकेश खण्डेलवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत गर्ग, ट्रस्ट के ट्रस्टी अंबेश बलुवापुरी, राम भार्गव, हेमंत मालवीय, मोहित गर्ग, प्रवीण गर्ग इसके अलावा मंदिर के व्यवस्थापक आनंद अग्रवाल, मंदिरों से जुड़े भक्तों में संजय इंचुलकर, पराग जातेगांवकर, जित्तू साहू, कंचन साहू, मनीषा साहू, अनिल पाखरे, चंदू साहू, दुष्यंत साहू, नारायण मालवीय, दिनेश सोनी, संदीप तलेड़ा,डॉ रमेश सिन्हा, बी.एस. चौहान, गिरधर लुधियानवी, अजय भार्गव, पियूष तिवारी, केके गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
जिले भर में धूमधाम से मनाई श्रीराम नवमी
जिला मुख्यालय सहित समूचे जिले में मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रीराम नवमी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आज जगह-जगह हवन पूजन किया गया और भण्डारा प्रसादी वितरित की गई। वहीं श्रीराम मंदिरों में दिन भर भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़
श्री राम नवमी आस्था और उत्साह के साथ जिले भर में मनाई जा रही है। विभिन्न मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती देखी गई। प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। कन्या पूजन, हवन और भंडारे जैसे धार्मिक कार्यक्रम पूरे दिन जारी रहेंगे। भक्तों ने राज्य भर के मंदिरों में जाकर सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस बार पूरे शहर में राम जन्मोत्सव बड़े पैमाने पर मनाया गया।
भक्ति और आस्था का दिखा माहौल
धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ, पूरे शहर में बड़े पैमाने पर भंडारे भी जगह-जगह किए गए। वहीं देवी मंदिरों में भी कन्या भोज के उपरांत भण्डारे का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर बड़ा श्रीराम मंदिर, छोटा श्रीराम मंदिर में भी दिन भर धार्मिक आयोजन होते रहे जिससे समूचा वातावरण धर्ममय हो गया था।
Leave a comment