27 कुंटल मावा जब्त, वनस्पति तेल की मिलावट की आशंका
Action: होली के त्योहार को देखते हुए प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा अमला अलर्ट मोड पर है। रंगों के इस पर्व पर मिलावटी मावा, पनीर और मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। राजधानी भोपाल में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 कुंटल संदिग्ध मावा जब्त किया है। प्राथमिक जांच में मावा में वनस्पति तेल की मिलावट की आशंका जताई गई है। जब्त किए गए सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोलार इलाके में मिष्ठान भंडार पर दबिश
खाद्य विभाग की टीम ने भोपाल के कोलार क्षेत्र स्थित काबुल मिष्ठान भंडार पर भी छापा मारा। यहां से कई सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान नकली या मिलावटी मिठाइयों की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रोज 50 दुकानों पर सैंपलिंग, बॉर्डर पर भी निगरानी
खाद्य विभाग की तीन टीमें रोजाना करीब 50 दुकानों और मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों पर कार्रवाई कर रही हैं।
- मिठाई, मावा, पनीर और डेयरी उत्पादों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
- जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
- खुफिया तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध सप्लाई पर नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर ही भोपाल बॉर्डर के पास से मिलावटी मावा की खेप पकड़ी गई।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी कार्रवाई
भोपाल के अलावा इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित कई बड़े शहरों में लगातार छापेमारी की जा रही है। रोज सैकड़ों सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि होली पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
त्योहार से पहले सख्ती, मिलावटखोरों पर शिकंजा
हर साल होली से पहले मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावट की आशंका भी बढ़ती है। इस बार विभाग ने समय रहते सख्ती शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इन कार्रवाइयों का मिलावट करने वालों पर कितना असर पड़ता है और त्योहार के दौरान बाजार में शुद्धता कितनी सुनिश्चित हो पाती है।
Leave a comment