Arrested: मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और खरीद-फरोख्त पर सख्त कार्रवाई करते हुए अशोकनगर और ग्वालियर जिलों में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों जिलों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 11 अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मैग्जीन और एक मोटरसाइकिल जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
🟠 अशोकनगर: 5 देशी कट्टे और 3 जिंदा कारतूस जब्त
अशोकनगर जिले में पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना चंदेरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। चंदेरी क्षेत्र से एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसके पास से 315 बोर के 2 देशी कट्टे और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसके एक साथी का पता चला, जिससे 1 देशी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस जब्त कर उसे भी गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस ने सिंहपुर महल मार्ग, पिछोर रोड पर दबिश देकर एक अन्य आरोपी को पकड़ा, जिसके पास से 315 बोर के 2 देशी कट्टे और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस तरह कुल 5 देशी कट्टे और 3 जिंदा कारतूस जब्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ थाना चंदेरी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
🔵 ग्वालियर: 6 पिस्टल, 5 मैग्जीन और रॉयल एनफील्ड बाइक जब्त
ग्वालियर में क्राइम ब्रांच पुलिस ने ग्वालियर-झांसी बायपास क्षेत्र से दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 32 बोर की 6 देशी पिस्टल, 5 अतिरिक्त मैग्जीन, एक पिट्ठू बैग और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे खरगोन जिले से हथियार 12 हजार रुपये प्रति नग की दर से खरीदकर ग्वालियर और आसपास के जिलों में 40 से 50 हजार रुपये में बेचने की तैयारी में थे। दोनों के खिलाफ थाना क्राइम ब्रांच ग्वालियर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
🛡️ प्रदेश भर में जारी है अभियान
मध्यप्रदेश पुलिस ने साफ किया है कि अवैध हथियारों और उनके तस्करी नेटवर्क पर कड़ी नजर रखते हुए प्रदेश-व्यापी अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
साभार…
Leave a comment