सीसीटीवी फुटेज से मिला था चोर का सुराग
Arrested: बैतूल। जिला बैतूल में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित कार्यवाही हेतु पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मुलताई पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। 28 मार्च को चौकी दुनावा, थाना मुलताई में आवेदिका श्रीमती चमेली बाई पति जी.एस. रघुवंशी निवासी कालापाठा बैतूल द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि उनके निर्माणाधीन मकान (आदित्य टीवीएस के सामने, दुनावा) से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हेवेल्स कंपनी के बिजली वायर के 28 बंडल (कीमती लगभग 98,000/- रुपये) चोरी कर लिए गए हैं। आवेदन की जांच के दौरान उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, खरीदी बिल एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी किया जाना प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया। इस पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 201/2026 धारा 331(3), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में 22 मार्च को दो व्यक्ति स्कूटी से आकर मकान का ताला तोडक़र वायर चोरी करते हुए दिखाई दिए। आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी मुलताई नरेंद्र सिंह परिहार द्वारा विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नितिन विश्वकर्मा पिता दिलीप विश्वकर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी भारत भारती, थाना कोतवाली, जिला बैतूल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। एक अन्य आरोपी सूरज उर्फ एलियन भावसार फरार है जिसकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 28 मंडलों में से 26 केबल वायर के बंडल जप्त किए गए हैं। जिसकी अनुमानित कीमत 95000/- रुपए है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, चौकी प्रभारी दुनावा नेपाल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुनील पंद्राम, आरक्षक अभिषेक वाडिवा एवं आरक्षक नरेश तुमराम, आरक्षक सोनू भारती, सैनिक विजय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।
Leave a comment