वन कर्मियों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया
खेड़ीसावलीगढ़ (मनोहर अग्रवाल):क्षेत्र अब तक तेंदुए, भालू और जंगली सूअरों के हमलों से ग्रामीण परेशान रहते थे, लेकिन अब यहां जंगली भैंसे की दस्तक ने नई चिंता खड़ी कर दी है। शनिवार की दोपहर, धनोरा गांव निवासी 40 वर्षीय सुखदेव इंगले अपने खेत से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक महुपानी वन क्षेत्र के पास एक जंगली भैंसे ने उन पर हमला कर दिया। भैंसे के हमले से सुखदेव गंभीर रूप से घायल हो गए।
वन विभाग की कार्रवाई
वन परिक्षेत्र अधिकारी दयानंद डेहरिया ने बताया कि यह घटना जंगल के भीतर नहीं, बल्कि खेत के पास हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि जंगली भैंसा इतनी दूर तक कैसे पहुंचा। घायल किसान को वन विभाग के अधिकारियों की देखरेख में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत
गांव के लोग अब तक तेंदुए, भालू और जंगली सूअरों से सतर्क रहते थे, लेकिन जंगली भैंसे के हमले ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। इस नई घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
Leave a comment