किसानों और व्यापारियों के लिए कई बार किए आंदोलन
जन्मदिन पर विशेष
Birthday Special:बैतूल। समाजसेवा के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाने वाले प्रमोद अग्रवाल जिन्होंने कृषि उपज मंडी बैतूल में 40 वर्षों तक व्यापारी प्रतिनिधि के रूप में रहने का रिकार्ड बनाया है। वैसे तो श्री अग्रवाल व्यापार के अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहते हैं और धार्मिक आयोजनों में भी बढ़चढक़र हिस्सा लेते हैं। श्री अग्रवाल श्रीराम मंदिर एकीकृत ट्रस्ट के लंबे समय से अध्यक्ष हैं। इसके अलावा अग्रवाल समाज के अध्यक्ष, जिला फुटबाल संघ बैतूल के अध्यक्ष, गंज मोक्षधाम समिति के अध्यक्ष भी हैं। आज उनका जन्मदिन है। इस अवसर पर उनकी उपलब्धियों को लेकर उनके शुभचिंतकों, परिचितों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। बैतूलवाणी परिवार की ओर से भी उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।
मंडी संचालक रहने का बनाया रिकार्ड
1985 में पहली कृषि उपज मंडी बैतूल के व्यापारी प्रतिनिधि (संचालक) निर्वाचित होने के बाद प्रमोद अग्रवाल लगातार 40 वर्षों तक मंडी व्यापारी प्रतिनिधि का चुनाव लड़ते रहे। कभी मतदान से जीते तो कभी निर्विरोध लेकिन मध्यप्रदेश में इतने लंबे समय तक लगातार मंडी संचालक बनने का रिकार्ड संभवत: बैतूल के प्रमोद अग्रवाल के नाम ही दर्ज है। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा की कई बार सरकारें बदली। मंडी में भी दोनों दलों के समर्थित संचालक अध्यक्ष बने लेकिन प्रमोद अग्रवाल अपने दम खम और व्यापारियों के समर्थन से संचालक बनते रहे।
2004 से हैं ट्रस्ट के अध्यक्ष
बैतूल जिले के सबसे बड़े धार्मिक ट्रस्ट जिसमें चार मंदिर और कई व्यवसायिक प्रतिष्ठान है उसके 2004 से प्रमोद अग्रवाल अध्यक्ष हैं। जिला मुख्यालय के कोठीबाजार स्थित श्री राम मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, श्री शिव मंदिर, श्री छोटा राम मंदिर, पार्वती भवन एकीकृत ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल जब ट्रस्ट के अध्यक्ष बने थे उस समय ट्रस्ट में सबसे कम उम्र के ट्रस्टी थे। उनके साथ ट्रस्टी के रूप में राधाकृष्ण गर्ग, विनोद कुमार डागा, भंवरचंद गर्ग, रामचरित मिश्रा, सुभाषचंद्र जैन जैसे वरिष्ठ समाजसेवी शामिल रहे हैं।
2005 से अग्रवाल समाज के अध्यक्ष
जिले के वैश्य समाज के प्रमुख अग्रवाल समाज के अध्यक्ष के रूप में प्रमोद अग्रवाल ने लंबी पारी खेली है और आज भी अग्रवाल समाज के अध्यक्ष हैं। 2005 में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। समाज के वरिष्ठ सदस्यों की सहमति से अध्यक्ष बनने के बाद श्री अग्रवाल ने समाज को एक नया आयाम दिया है। समाज में वरिष्ठ सदस्यों में कृष्णचंद अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अभय गर्ग, प्रशांत गर्ग, श्यामसुंदर अग्रवाल, श्याम चौधरी, प्रकाशचंद अग्रवाल, स्व. उदयराम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने श्री अग्रवाल को हर आयोजन में सहयोग दिया है।
1991 से व्यापारी संघ के सचिव
जिला मुख्यालय पर अनाज तिलहन व्यापारी संघ में अनाज का काम करने वाले सभी प्रमुख व्यापारी सदस्य हैं। लंबे समय तक इस संघ के विनोद डागा अध्यक्ष रहे हैं। उनके बाद वर्तमान में निलय डागा इसके अध्यक्ष हैं लेकिन 1991 से इस संघ के सचिव के रूप में प्रमोद कुमार अग्रवाल काम कर रहे हैं और इस संघ के अंतर्गत गंज की राधाकृष्ण धर्मशाला एवं मोक्षधाम की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहे हैं। इसी तरह से वर्ष 2002 से खेल के क्षेत्र में सक्रिय जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष के रूप में भी काम कर रहे हैं और कई बड़े-बड़े टूर्नामेंट उनके नेतृत्व में हो चुके हैं।
Leave a comment