Broke a record: नई दिल्ली | देश के मौजूदा गृह मंत्री अमित शाह ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वे अब सबसे लंबे समय तक देश के गृह मंत्री पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं। 30 मई 2019 को पदभार संभालने के बाद से अब तक 6 साल और 65 दिन (कुल 2258 दिन) पूरे कर चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नाम था, जिन्होंने 1998 से 2004 तक 2256 दिनों तक इस पद को संभाला था। अमित शाह ने यह रिकॉर्ड धारा 370 हटाने की छठी वर्षगांठ के दिन तोड़ा, जो उनके राजनीतिक करियर की सबसे अहम उपलब्धियों में से एक मानी जाती है।
NDA की बैठक में PM मोदी ने की सराहना
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए की बैठक में शाह की उपलब्धि का जिक्र करते हुए उनकी कार्यशैली, निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की खुलकर प्रशंसा की।
शाह से पहले किन नेताओं के नाम था यह रिकॉर्ड?
- लालकृष्ण आडवाणी (BJP): 2256 दिन
- गोविंद वल्लभ पंत (कांग्रेस): 6 साल 56 दिन (1955–1961)
शाह का अब तक का राजनीतिक सफर
अमित शाह को भारतीय राजनीति में “बीजेपी का चाणक्य” कहा जाता है। वे गुजरात सरकार में गृह मंत्री और 2014 से 2019 तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने देशभर में चुनावी विस्तार पाया और कई नए क्षेत्रों में पार्टी की मजबूत पकड़ बनी।
धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय
गृह मंत्री रहते हुए 5 अगस्त 2019 को अमित शाह ने संसद में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक प्रस्तुत किया था। इसी के तहत जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाली धारा 370 हटाई गई और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों (जम्मू-कश्मीर और लद्दाख) में विभाजित किया गया।
साभार..
Leave a comment