Commotion: भोपाल। मध्यप्रदेश में शासन-प्रशासन को चुस्त और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में उन्होंने वल्लभ भवन सहित विंध्याचल और सतपुड़ा कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के भोपाल से बाहर दौरे पर रहने के बावजूद मुख्यमंत्री सचिवालय और सामान्य प्रशासन विभाग को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तीनों प्रमुख कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, आगमन-प्रस्थान समय और अनाधिकृत अनुपस्थिति की विस्तृत जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए विशेष टीमें गठित कर सभी कार्यालयों में तैनात कर दी हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
लंबित परियोजनाओं और शिकायतों पर सख्ती
सूत्रों के अनुसार हाल ही में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों में मुख्यमंत्री ने लंबित परियोजनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण और विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। कई विभागों में योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी और जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग की कमी पर उन्होंने नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
- प्रत्येक परियोजना की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।
- प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाए।
- लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण हो।
जिन जिलों में प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, वहां के अधिकारियों को चेतावनी जारी की गई है। कुछ विभागों में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। प्रदर्शन आधारित मूल्यांकन, औचक निरीक्षण और फील्ड विजिट की संख्या बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि “सुशासन केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि जमीनी अमल से दिखता है।”
अफसरशाही में बढ़ी हलचल
प्रशासनिक सख्ती के इस स्पष्ट संदेश के बाद अफसरशाही में हलचल तेज हो गई है। कई विभागों ने लंबित फाइलों के निपटारे और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम आगामी विकास लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और शासन में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में और सख्त मॉनिटरिंग तथा जवाबदेही तय होने की संभावना जताई जा रही है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9 बजे भोपाल से उड़ान भरकर उदयपुर पहुंचेंगे, जहां से भीलवाड़ा जाकर उद्योगपतियों से निवेश संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वे उदयपुर से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जबलपुर में गढ़ाकोटा के कार्यक्रम में शामिल होकर 218वें ‘रहस मेला’ और सुरक्षा पेंशन योजना वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम को वे रायपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री की इस सक्रिय कार्यशैली और प्रशासनिक सख्ती को राज्य में सुशासन की दिशा में बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
Leave a comment