दोपहर 2 से 4 बजे के बीच भाजपा मुख्यालय में होगा नामांकन, निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना
Enrollment: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वे आज दोपहर 2 से 4 बजे के बीच दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के तहत शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 5 से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित है। यदि केवल एक ही नामांकन वैध पाया जाता है, तो चुनाव अधिकारी उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर देंगे। हालांकि, यदि दो या अधिक नामांकन सामने आते हैं, तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।
शीर्ष नेताओं की मौजूदगी
इस अहम अवसर पर पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 16 जनवरी को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया था। गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
पिछले 6 महीनों में 3 प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध
पिछले छह महीनों में भाजपा संगठन में कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं।
- जुलाई में हेमंत खंडेलवाल को मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
- दिसंबर में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, उनके खिलाफ कोई नामांकन नहीं आया।
- वहीं जनवरी में आदित्य साहू को झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कैसे चुना जाता है भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद द्वारा किया जाता है, जिसमें करीब 5,708 सदस्य शामिल होते हैं। इसमें राष्ट्रीय परिषद और देश के 30 से अधिक राज्यों की राज्य परिषदों के सदस्य शामिल रहते हैं। यदि केवल एक नामांकन होता है, तो चुनाव प्रक्रिया बिना मतदान के पूरी हो जाती है।
साभार…
Leave a comment