17 मार्च तक चलेंगी स्थानीय परीक्षाएं, अप्रैल के अंत तक आ सकता है रिजल्ट
Examinations:ग्वालियर। मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के साथ अब छोटी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम भी तय हो गया है। जिले के शासकीय स्कूलों में कक्षा तीसरी, चौथी, छठी और सातवीं की स्थानीय परीक्षाएं 9 मार्च से शुरू होकर 17 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताया गया है कि कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षाएं 25 फरवरी को समाप्त हो चुकी हैं, जबकि बोर्ड परीक्षाएं 7 मार्च तक पूरी हो जाएंगी। इसके बाद केवल कक्षा 3-4 और 6-7 की परीक्षाएं ही शेष रहेंगी। इन परीक्षाओं का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रश्नपत्र पोर्टल से होंगे डाउनलोड
इन कक्षाओं की परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। स्कूल निर्धारित तिथि के अनुसार प्रश्नपत्र डाउनलोड करेंगे और उनकी प्रिंट या फोटो कॉपी कराकर विद्यार्थियों को वितरित करेंगे। इससे सभी स्कूलों में परीक्षा का पैटर्न और प्रश्नों का स्तर एक समान बनाए रखने में मदद मिलेगी।
पांचवीं और आठवीं की कॉपियों का मूल्यांकन जारी
इधर बोर्ड पैटर्न पर हुई कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षाओं के बाद जिले के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य शुरू कर दिया गया है। इन परीक्षाओं का परिणाम भी राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल पर जारी किया जाएगा।
अप्रैल के अंत तक परिणाम की संभावना
जिला शिक्षा केंद्र के डीपीसी रवींद्र सिंह तोमर के अनुसार कक्षा 3-4 और 6-7 की परीक्षाएं 9 से 17 मार्च तक आयोजित होंगी। इसके साथ ही पांचवीं और आठवीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य भी तेजी से चल रहा है। संभावना है कि इन कक्षाओं का परिणाम अप्रैल के अंत तक घोषित कर दिया जाएगा, ताकि नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।
साभार…
Leave a comment