एनसीपी विधायक दल की बैठक के बाद शाम तक शपथ ग्रहण की संभावना
Oath taking: मुंबई। महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार शनिवार को राज्य की नई उपमुख्यमंत्री बन सकती हैं। राकांपा (NCP) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने बताया कि शनिवार को मुंबई में पार्टी की विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को नेता चुने जाने की संभावना है। इसके बाद शाम तक उनके शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
यदि ऐसा होता है तो सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री होंगी।
सीएम फडणवीस ने दी सहमति
नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि राकांपा के फैसले पर सरकार और भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के निर्णय को सरकार का पूरा समर्थन रहेगा। शुक्रवार को प्रफुल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात कर मौजूदा राजनीतिक हालात और आगे की रणनीति पर चर्चा की थी।
भुजबल बोले – शपथ में कोई बाधा नहीं
बैठक के बाद छगन भुजबल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में हैं।
उन्होंने कहा कि शोक की अवधि हर परिवार में अलग-अलग होती है, लेकिन यदि कोई तकनीकी या राजनीतिक अड़चन नहीं आई तो शनिवार को ही शपथ ग्रहण हो सकता है।
प्रफुल पटेल ने भी कहा कि पार्टी में सुनेत्रा पवार को नेता बनाए जाने को लेकर कोई विरोध नहीं है।
विमान हादसे में अजीत पवार का निधन
बुधवार को बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार हुआ और शुक्रवार को करहा और नीरा नदी के संगम पर अस्थि विसर्जन किया गया।
लोकसभा हार के बाद राज्यसभा पहुंचीं सुनेत्रा
सुनेत्रा पवार हाल ही में लोकसभा चुनाव अपनी ननद सुप्रिया सुले से हार गई थीं। इसके बाद अजीत पवार ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।
अगर वे उपमुख्यमंत्री बनती हैं तो माना जा रहा है कि वे बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकती हैं, जो अजीत पवार के निधन से खाली हुई है। ऐसी स्थिति में उनके बेटे पार्थ पवार के राज्यसभा जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
एनसीपी के विलय की चर्चाएं तेज
अजीत पवार गुट और शरद पवार गुट के विलय को लेकर फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ महीने में 14 बैठकें हो चुकी थीं और जिला परिषद चुनाव के बाद विलय की घोषणा की तैयारी थी। अजीत पवार के निधन के बाद इस प्रक्रिया पर नई राजनीतिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
विमान हादसे की CID जांच शुरू
बारामती विमान दुर्घटना की जांच महाराष्ट्र CID ने शुरू कर दी है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईडी को सौंप दी है। इसके साथ ही विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) भी हादसे की पड़ताल कर रहा है।
साभार…
Leave a comment