Recognition: ग्वालियर। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की नवीन मान्यता तथा नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सामान्य शुल्क के साथ आवेदन की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन विभाग ने 20 हजार रुपए विलंब शुल्क के साथ 10 मार्च तक आवेदन करने की अंतिम तिथि तय की है।
ऑनलाइन पोर्टल से करना होगा आवेदन
मान्यता प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डीपीआई ने ऑनलाइन पोर्टल manyta.dpimp.in शुरू किया है। CBSE, ICSE और अन्य बोर्डों से संबद्ध स्कूलों को भी इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना अनिवार्य किया गया है।
25 मार्च तक होगी स्कूलों की जांच
ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग में संयुक्त संचालक शिक्षा के नेतृत्व में गठित टीम स्कूलों की जांच करेगी। नवीन मान्यता, नवीनीकरण और अपग्रेडेशन से जुड़े मामलों पर निर्णय लेने की अंतिम तिथि 25 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
निरस्त आवेदन पर 25 अप्रैल तक अपील
यदि किसी स्कूल का आवेदन संयुक्त संचालक स्तर पर निरस्त किया जाता है, तो संबंधित संस्था 25 अप्रैल तक आयुक्त लोक शिक्षण के समक्ष ऑनलाइन अपील कर सकती है। इन अपीलों का अंतिम निराकरण 25 मई तक किया जाएगा। इसके बाद स्कूलों की मान्यता की अंतिम सूची और प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान
डीपीआई के संचालक के.के. द्विवेदी द्वारा जारी निर्देश में स्कूल प्रबंधन से कहा गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। साथ ही तकनीकी त्रुटियों से बचने के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए पोर्टल पर सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी समय रहते अपलोड करें।
साभार…
Leave a comment