बालाघाट-डिंडौरी समेत 5 जिलों में अलर्ट, फरवरी में चौथी बार बदला मौसम
Season: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। दक्षिणी हिस्से में सक्रिय लो प्रेशर एरिया और दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र में बनी दो ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को 10 से अधिक जिलों में मौसम बदला रहा, जबकि मंगलवार को अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन मौसमी सिस्टम्स की सक्रियता के कारण फरवरी महीने में चौथी बार प्रदेश में बारिश हो रही है। इससे पहले भी तीन बार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का असर देखा जा चुका है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था।
दिन में धूप, शाम को बदला मिजाज
सोमवार को कई जिलों में दोपहर तक तेज धूप रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट बदल ली।
जबलपुर, रीवा और सीधी में बारिश दर्ज की गई।
रात में मऊगंज, सिंगरौली, ग्वालियर, मुरैना, बड़वानी, धार, दतिया, खरगोन, सागर और दमोह समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर तेज हवा और ओले गिरने की भी सूचना है।
फरवरी में चौथी बार बारिश
फरवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले और बारिश का दौर आ चुका है। 18 फरवरी से तीसरी बार मौसम बिगड़ा था, जिसका असर 19, 20 और 21 फरवरी तक रहा। अब 23 फरवरी से चौथी बार बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है, जो मंगलवार को भी जारी रहने की संभावना है। लगातार बदलते मौसम से रबी की फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। इससे पहले हुए नुकसान का सरकार द्वारा सर्वे भी कराया जा चुका है।
दिन का पारा गिरा, रात में सर्दी से राहत
बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है, लेकिन रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री, मंदसौर में 11.7 डिग्री और राजगढ़ में 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में भी रात का तापमान 12 डिग्री से ऊपर रहा।
मध्य प्रदेश के पांच बड़े शहरों में फरवरी का मौसम ट्रेंड
भोपाल: रातें ठंडी, दिन गर्म
भोपाल में फरवरी के दौरान रातें ठंडी और दिन अपेक्षाकृत गर्म रहते हैं। वर्ष 2014 से 2024 के बीच चार बार अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंचा। वहीं सात साल रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
इंदौर: बारिश का खास ट्रेंड नहीं
इंदौर में फरवरी में बारिश का ट्रेंड बहुत कम है। 2014 और 2015 में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई थी। यहां दिन का तापमान सामान्यतः 30 डिग्री से ऊपर रहता है। 2019 में अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। रात में पारा कई बार 10 डिग्री से नीचे चला जाता है।
ग्वालियर: कड़ाके की ठंड
ग्वालियर में फरवरी के दौरान उत्तरी हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ती है। 4 फरवरी 2018 को न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड 1.9 डिग्री दर्ज किया गया था। 2019, 2022 और 2023 में भी पारा 3 डिग्री से नीचे रहा। पिछले साल यहां फरवरी में बारिश भी हुई थी और इस बार भी महीने की शुरुआत बारिश से हुई।
जबलपुर: बदलता मौसम, बारिश का असर
जबलपुर में फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है, जबकि रात में तापमान 11 डिग्री के आसपास रहता है। यहां फरवरी में बारिश का ट्रेंड बना रहता है। पिछले 10 वर्षों में 6 बार यहां फरवरी में बारिश दर्ज की गई है।
उज्जैन: गर्मी-ठंड के साथ कभी-कभी बारिश
उज्जैन में फरवरी के दौरान दिन में तापमान 30 डिग्री के पार रहता है, जबकि रात में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जाता है। यहां बारिश का ट्रेंड अपेक्षाकृत कम है, लेकिन कभी-कभी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वर्षा हो जाती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार तक प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद सिस्टम कमजोर पड़ने पर मौसम साफ होने की संभावना है, हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
साभार…
Leave a comment