विधायकों ने उठाई तारीख बदलने की मांग, जनभावनाओं का दिया हवाला
Suspense: भोपाल। मध्य प्रदेश में महावीर जयंती के शासकीय अवकाश को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एक ओर सरकार द्वारा जारी राजपत्र में 31 मार्च 2026 को अवकाश घोषित किया गया है, वहीं दूसरी ओर सत्ता और विपक्ष के विधायक इसे बदलकर 30 मार्च करने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर अब सरकार गहन विचार-विमर्श में जुटी हुई है।
सीएम को लिखे गए पत्र, धार्मिक आधार पर बदलाव की मांग
पृथ्वीपुर से विधायक नितेंद्र बृजेंद्र सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर अवकाश की तारीख में संशोधन की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि जैन धर्म की परंपराओं के अनुसार इस वर्ष भगवान महावीर का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जाएगा, ऐसे में अवकाश भी उसी दिन होना चाहिए।
हाईकोर्ट के निर्णय का भी दिया गया हवाला
विधायक ने यह भी बताया कि जबलपुर हाईकोर्ट ने अपनी अधिसूचना में संशोधन करते हुए 30 मार्च को अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही पूर्व में होली के अवसर पर सरकार द्वारा किए गए अवकाश संशोधन का उदाहरण भी दिया गया है।
भाजपा विधायक ने भी रखा समर्थन
बंडा (सागर) से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार ने भी इसी मांग का समर्थन करते हुए शासन को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि पंचांग और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब पूरा देश 30 मार्च को महावीर जयंती मनाएगा, तो 31 मार्च को अवकाश का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
मुख्य सचिव कार्यालय ले रहा सुझाव
सूत्रों के मुताबिक, मुख्य सचिव कार्यालय इस विषय पर विभिन्न स्तरों से सुझाव एकत्र कर रहा है। सरकार के सामने फिलहाल दो विकल्प हैं—या तो अवकाश को 30 मार्च किया जाए या पूर्व निर्धारित 31 मार्च की तिथि को ही बरकरार रखा जाए।
जल्द आ सकता है फैसला
सरकार इस मुद्दे पर जनभावनाओं और प्रशासनिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जल्द अंतिम निर्णय ले सकती है। फिलहाल प्रदेशभर में अवकाश की सही तारीख को लेकर असमंजस बना हुआ है।
साभार…
Leave a comment