वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बदला मौसम, कई जिलों में फसलों को नुकसान
Thunderstorm and rain: मध्य प्रदेश में बीते तीन दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है और अगले दो दिन भी मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। शुक्रवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। शनिवार सुबह कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 फरवरी को एक नए सिस्टम के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी जिलों में फिर से बारिश हो सकती है।
20 से ज्यादा जिलों में बारिश, कुछ जगह ओले
पिछले 24 घंटे में भोपाल, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर, छतरपुर समेत 20 से अधिक जिलों में बारिश हुई।
रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में तेज आंधी के कारण गेहूं की फसलें आड़ी हो गईं, जिससे दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। तीन दिनों में करीब 25 जिलों में फसलों को नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे शुरू करा दिया है। राजस्व अमला खेतों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहा है।
22 से 24 फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम?
22 फरवरी – बारिश का अलर्ट नहीं, लेकिन बादल छाए रह सकते हैं।
23 फरवरी – दक्षिणी जिलों में सिस्टम का असर, बारिश की संभावना।
24 फरवरी – दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी जिलों में फिर से वर्षा के आसार।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
22 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) 23 फरवरी से मध्य प्रदेश में प्रभाव दिखा सकता है।
- 23 फरवरी – नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में बारिश की संभावना।
- 24 फरवरी – सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में वर्षा के आसार।
इंदौर में 4 डिग्री गिरा तापमान
Indore में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। देर रात शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और शनिवार सुबह हल्की ठंड महसूस की गई।
फरवरी में चौथी बार बदलेगा मौसम
फरवरी की शुरुआत से ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर आ चुका है। 18 फरवरी से तीसरी बार बारिश हुई और अब 23-24 फरवरी को चौथी बार मौसम बदलने के आसार हैं।
लगातार बदलते मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है, खासकर रबी की फसलों पर इसका असर पड़ रहा है। आने वाले दो दिन प्रदेश के कई जिलों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।
साभार….
Leave a comment