Welcome: वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं को एक अलग और आत्मीय अनुभव मिलेगा। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों का स्वागत अब पुलिसकर्मी हाथ जोड़कर ‘नमस्ते’ के साथ करेंगे। मंदिर के सभी एंट्री पॉइंट्स पर तैनात पुलिस बल श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक अभिवादन करेगा।
महाशिवरात्रि पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। सभी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग दी गई है ताकि वे श्रद्धालुओं से विनम्र, सहयोगी और संवेदनशील व्यवहार कर सकें।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि वर्दी सेवा, सहयोग और विश्वास का प्रतीक है। प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आत्मीय माहौल देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन लाखों श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ सकारात्मक व्यवहार बेहद जरूरी है।
इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को न केवल सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना है, बल्कि उन्हें काशी की संस्कृति और आतिथ्य भावना का भी अहसास कराना है। पुलिस का यह नया अंदाज़ भक्तों के लिए महाशिवरात्रि को और भी यादगार बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
साभार…
Leave a comment