Statue: सिवनी | मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में स्थित पेंच टाइगर रिजर्व में दुनिया की सबसे बड़ी बाघ प्रतिमा का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। यह प्रतिमा कबाड़ सामग्री जैसे पुरानी साइकिलें, पाइप और जंग लगी लोहे की चादरों से बनाई जा रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन लाइफ’ से प्रेरित है। इस अनोखी कलाकृति को स्थानीय कलाकार विक्की और उनकी टीम तैयार कर रही है। पेंच टाइगर रिजर्व के उपसंचालक रजनीश सिंह ने बताया कि यह परियोजना मिशन लाइफ के तीन आर – रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल – के सिद्धांतों पर आधारित है और इसका निर्माण कार्य जनवरी 2025 से जारी है।
विश्व रिकॉर्ड के लिए दावेदार
वर्तमान में अमेरिका के जॉर्जिया में मौजूद बाघ प्रतिमा को दुनिया की सबसे बड़ी माना जाता है, जिसकी ऊंचाई 8 फीट और लंबाई 14 फीट है। पेंच में बन रही प्रतिमा इससे दोगुनी से भी अधिक – लगभग 16 फीट ऊंची और 36 फीट लंबी होगी, जिससे यह विश्व रिकॉर्ड एकेडमी के मानकों को पीछे छोड़ने की ओर अग्रसर है।
29 जुलाई को होगा अनावरण
यह भव्य प्रतिमा 29 जुलाई 2025 को ‘विश्व बाघ दिवस’ के अवसर पर जनता के लिए प्रदर्शित की जाएगी। यह न केवल वन्यजीव संरक्षण की चेतना को बढ़ाएगी, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ के प्रतीक चिह्न – पुनर्चक्रित सामग्री से बनी सिंह प्रतिमा – से भी प्रेरणा लेती है।
पर्यावरण जागरूकता और कला का अनूठा संगम
इस पहल को कला, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी सोच के अनोखे समन्वय के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि सतत विकास के संदेश को भी मजबूत करेगा।
Leave a comment