Negligence: चिचोली। विकासखंड चिचोली के बेला ग्राम में 55 लाख की लागत से बन रहा बहुप्रतीक्षित उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण शुरू होते ही विवादों में घिर गया है। ठेकेदार बालाजी इलेक्ट्रिकल्स एंड हार्डवेयर द्वारा निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार भवन में खुलेआम जंग लगी सरिया (Rust-eaten steel) का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पूरे प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों में नाराज़गी, जताई कड़ी आपत्ति
ग्रामवासियों ने मौके पर पहुँचकर निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री की स्थिति देखी और आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी निर्माण, विशेषकर स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील भवनों में निम्न गुणवत्ता के मटेरियल का इस्तेमाल भविष्य में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
एक ग्रामीण ने नाराजगी जताते हुए कहा—
“सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दावा करती है, लेकिन यहां 55 लाख के प्रोजेक्ट में जंग लगी सरिया का इस्तेमाल कर जनता के पैसों की बर्बादी की जा रही है। भवन ‘स्वस्थ’ होने से पहले ही ‘अस्वस्थ’ दिख रहा है।”
जिम्मेदार अधिकारी मौन
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों द्वारा इस मामले पर चुप्पी साध ली गई है, जो कथित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए निर्माण सामग्री की जांच तथा जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Leave a comment