पुलिस की मौजूदगी में होगा अंतिम संस्कार, दावेदार आए सामने
Funeral: जबलपुर(ई-न्यूज)। इंसान की जब तक श्वांस चल रही होती है तब तक ही सारी माया होती है। जैसे ही श्वांस उखड़ती है वैसे ही प्रापर्टी हथियाने के लिए तमाम दांव पेंच प्रारंभ हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला जबलपुर में मदन महल क्षेत्र निवासी डॉ. हेमलता के साथ हुआ है क्योंकि उनकी 60 करोड़ रुपए की प्रापर्टी अब किसकी होगी? हालांकि अभी उनका अंतिम संस्कार भी नहीं हुआ लेकिन दान पत्र सहित अन्य दावेदार सामने आ गए हैं। डॉक्टर का पुलिस की देखरेख में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घर पर लगा दिए बाउंसर
जानकारी के अनुसार जबलपुर की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमलता श्रीवास्तव का रविवार शाम को निधन हो गया। इसके साथ ही उनकी करोड़ों की संपत्ति को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद डॉक्टरों की टीम ने उनकी छोटी बहन शांति मिश्रा को शव सौंप दिया। आज उनकी अंतिम यात्रा राइट टाउन स्थित निवास से रानीताल मुक्तिधाम के लिए निकलेगी। डॉ. श्रीवास्तव के घर पर गायत्री परिवार के अलावा आईएमए के सदस्य भी मौजूद हैं। डॉ. हेमलता श्रीवास्तव के निवास पर बाउंसर तैनात हैं। इन्हें यहां किसने लगाया? अभी इसकी जानकारी नहीं लग पाई है। मौके पर मदन महल थाने का स्टाफ भी है।
संपत्ति पर जांच जारी
तहसीलदार संदीप जायसवाल ने बताया कि कलेक्टर और एसडीएम के निर्देश पर डॉ. श्रीवास्तव की संपत्ति के वारिस को लेकर उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच एसडीएम स्तर पर की जा रही है। प्रशासन तथ्यों के आधार पर निर्णय करेगा। बता दें कि राइट टाउन निवासी डॉ. श्रीवास्तव को करीब एक माह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबीयत में सुधार भी हुआ था, लेकिन रविवार को अचानक उनका निधन हो गया। उनके पति और बेटे का पहले ही देहांत हो चुका था। संपत्ति हड़पने के आरोप में डॉ. सुमित जैन, पत्नी प्राची जैन, उनकी बहन व जीजा पर मामला दर्ज है।
कई सामने आ गए दावेदार
डॉ. हेमलता श्रीवास्तव की करोड़ों की संपत्ति होने की जानकारी सामने आई, जिस पर अलग-अलग लोग दावा कर रहे हैं। डॉ. सुमित जैन के अनुसार 14 जनवरी को उनके जन्मदिन पर हेमलता उनके साथ थीं, जबकि इससे 12 दिन पहले 2 जनवरी को उन्होंने अपनी इच्छा से करीब 11 हजार वर्गफीट जमीन ससुर और बेटे के नाम मेमोरियल अस्पताल के लिए दान की थी।
गायत्री मंदिर ट्रस्ट ने किया था दान का दावा
इधर गायत्री मंदिर ट्रस्ट ने भी करोड़ों की संपत्ति को लेकर दावा किया है कि हेमलता श्रीवास्तव ने अपनी छोटी बहन कनक लता मिश्रा के सामने इच्छा जताई थी कि वे अपनी पूरी संपत्ति ट्रस्ट को देना चाहती हैं। हालांकि, इस मामले में आईएमए भी हस्तक्षेप कर चुका है। हेमलता श्रीवास्तव की छोटी बहन शांति तिवारी, जो छत्तीसगढ़ में रहती हैं, उन्हें सूचना दे दी गई है।
बयान में फर्जीवाड़े का जिक्र
डॉ. हेमलता की 60 करोड़ रुपए मूल्य की 11 हजार वर्गफीट संपत्ति के विवाद के बीच जनवरी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन ने उनका रेस्क्यू कर उन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वस्थ होने पर उन्होंने बयान में कहा था कि गलत जानकारी देकर दान-पत्र लिखवाकर रजिस्टर्ड कराया गया। मामले में डॉक्टर दंपती, रजिस्ट्रार व अन्य की भूमिका की जांच जारी है। इस पूरे मामले में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आईएमए का कहना है कि सीनियर लेडी डॉक्टर को संपत्ति के लिए प्रताडि़त किया गया और उनकी शारीरिक व मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद रजिस्ट्री और दान-पत्र लिखवाए गए। पूरे मामले की प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है। साभार…
Leave a comment