भाजपा ने विभिन्न पदों पर की नियुक्तियां
Appointments: बैतूल। मध्यप्रदेश भाजपा ने मीडिया मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए प्रदेश संगठन में बड़ा विस्तार किया है। जिसमें 33 प्रदेश प्रवक्ता, 9 सह मीडिया प्रभारी सहित 47 मीडिया पैनेलिस्टों के नामों की भी घोषणा की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की मंजूरी के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ये घोषणा की है। इसी के साथ मध्यप्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की कार्यकारिणी की विस्तृत सूची भी जारी हुई है। इन दोनों संगठनों में बैतूल जिले के चार भाजपा नेताओं को विभिन्न पदों पर नियुक्त किया है। इसके पूर्व भी बैतूल के कई नेताओं को प्रदेश के विभिन्न मोर्चों में स्थान मिल चुका है।
डॉ. योगेश पंडाग्रे बने प्रवक्ता

आमला से दूसरी बार निर्वाचित हुए भाजपा विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे को प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए प्रवक्ता बनाया गया है। श्री पंडाग्रे के अलावा 32 अन्य प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए हैं जिनमें 10 विधायक शामिल हैं। प्रदेश भाजपा में पहली बार जिले के किसी व्यक्ति को प्रवक्ता बनाया गया है।
मोहित गर्ग बने मीडिया पैनेलिस्ट

विभिन्न टीवी चैनलों पर डिबेट के लिए प्रमुख राजनैतिक दल अपने प्रतिनिधि भेजते हैं जिसके लिए चैनलों को सूची भेजी जाती है। भाजपा ने कल 47 प्रदेश मीडिया पैनेलिस्ट की नियुक्ति की है। जिनमें 12 नाम सिर्फ भोपाल से ही हैं। भाजयु मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पत्रकार मोहित गर्ग को भी प्रदेश मीडिया पैनेलिस्ट बनाया गया है।
विशाल बतरा बने सह मीडिया प्रभारी

नियुक्तियों के क्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने अपने साथ 9 प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भी बनाए हैं। जिनमें घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में सक्रिय रहे एवं वर्तमान में अधिकांश समय भोपाल में कार्यरत पत्रकार विशाल बतरा को भी प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
अंकित आर्य बने प्रदेश मंत्री

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने आज ही अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तृत सूची जारी की है जिसमें विभिन्न पदों पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के युवा नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें भीमपुर क्षेत्र के निवासी एवं पूर्व में भी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में विभिन्न पद संभाल चुके अंकित आर्य को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
Leave a comment