व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बनाया ठगी का शिकार
Swindled: बैतूल। व्हाट्सएप गु्रप बनाकर लोगों को शेयर बाजार में बड़ा मुनाफा होने लालच देकर 46 लाख रुपए की सायबर ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता से ठगों ने 46 लाख 6 हजार 649 रुपए की राशि ठग ली है।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा थाना बैतूल में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि मार्च 2026 के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को न्यू बैरी कैपिटल प्राईवेट लिमिटेड गु्रप इंडिया इंफो लाइन लिमिटेड सीएस से जुड़ा हुआ बताकर फेसबुक के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद व्हाट्सएप गु्रप में जोडक़र उसे शेयर बाजार में निवेश हेतु प्रलोभित किया गया।
आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता को न्यू बैरी एक्सीलेंस सर्किल आईएफएल प्रोफेशनल नामक फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड कराए गए। इसके पश्चात शिकायतकर्ता ने 04 फरवरी से 09 मार्च 2026 के मध्य विभिन्न किश्तों में कुल 46,07,649/- की राशि निवेश की। जालसाजों द्वारा फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट में 37,39,149/- का लाभ प्रदर्शित किया गया, जिससे शिकायतकर्ता का विश्वास और बढ़ गया। किन्तु जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया, तो उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा राशि निकालने के नाम पर 1,40,000/- की अतिरिक्त मांग की गई, जिससे शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
उक्त शिकायत के आधार पर थाना गंज बैतूल में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 319(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
एसपी ने की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्हाट्सएप ग्रुप या सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में आकर निवेश न करें। केवल सेबी द्वारा अधिकृत प्लेटफॉर्म एवं पंजीकृत ब्रोकर्स के माध्यम से ही निवेश करें। निवेश से पूर्व संबंधित कंपनी/एप की वैधता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
Leave a comment