Sunday , 15 March 2026
Home Uncategorized Alert: मध्य प्रदेश में मौसम बदला: तेज गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट
Uncategorized

Alert: मध्य प्रदेश में मौसम बदला: तेज गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम बदला: तेज गर्मी

18 मार्च तक कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना, गर्मी से मिल सकती है राहत

Alert: भोपाल/बैतूल। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को प्रदेश के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों के 8 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च तक प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है। इस दौरान मार्च में पहली बार मावठा गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदलेगा मौसम

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार प्रदेश में मौसम बदलाव का मुख्य कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और टर्फ सिस्टम है। 17 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

तीन दिन तक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में बारिश की संभावना जताई है—

16 मार्च: बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर।
17 मार्च: सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर।
18 मार्च: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा।

प्रदेश में गर्मी का असर तेज

इससे पहले प्रदेश में लगातार तेज गर्मी का दौर बना हुआ है। शनिवार को भोपाल और इंदौर सहित कई जिलों में सुबह से ही तीखी धूप रही। नर्मदापुरम में लगातार दूसरे दिन तीव्र लू दर्ज की गई और यहां का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री अधिक है।

प्रदेश में नर्मदापुरम सबसे गर्म जिला बना हुआ है। इसके बाद खरगोन में तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंडला, रतलाम, दमोह, खंडवा, खजुराहो, रायसेन, शाजापुर, गुना, नरसिंहपुर, सतना, सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, उमरिया, सागर और धार में तापमान 37 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान इस प्रकार रहा—

  • भोपाल: 37.2°C
  • इंदौर: 36.6°C
  • ग्वालियर: 34.1°C
  • उज्जैन: 36.5°C
  • जबलपुर: 37.7°C

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी कम होने के साथ रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश में गर्मी बढ़ा रही हैं।

बदलते मौसम में बढ़ती बीमारियां

डॉक्टरों के अनुसार मार्च का महीना स्वास्थ्य के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। इस समय दिन में गर्मी बढ़ जाती है जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड रहती है। ऐसे में सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है। डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह और देर रात की ठंडी हवा से बचने की सलाह दी है।

मार्च में जल्दी बढ़ा तापमान

आमतौर पर प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े के बाद तेज गर्मी शुरू होती है, लेकिन इस साल मार्च की शुरुआत में ही तापमान तेजी से बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

साभार…

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Tests: भविष्य की सवारी बनेगी फ्लाइंग टैक्सी, 10 यात्रियों वाली इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी का परीक्षण

हेलिकॉप्टर की तरह वर्टिकल टेकऑफ, 1500 किमी तक उड़ान की क्षमता; भारत...

Accident: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी बाइक, दो युवक गंभीर घायल

सलैया के बैकुंठ धाम के पास हुआ हादसा, ट्रक में रिफ्लेक्टर नहीं...

Breaks Records: नपा ने वसूली का तोड़े रिकार्ड

नपा को भुगतान करने में होगी सुविधा Breaks Records: बैतूल। वर्ष में...