BJP News: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन अब पार्टी के राष्ट्रीय संगठन की नई टीम को आकार देने में जुट गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नबीन की अगुवाई में बनने वाली नई टीम में युवा और अनुभव का संतुलन देखने को मिलेगा और इसके तहत पीढ़ी परिवर्तन की स्पष्ट झलक दिखाई देगी।
सूत्रों के अनुसार, नई टीम की औसत उम्र लगभग 55 वर्ष रखने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए पार्टी स्तर पर व्यापक मंथन शुरू हो चुका है। अध्यक्ष बनने के अगले ही दिन नितिन नबीन ने पार्टी मुख्यालय में मैराथन बैठक कर एक-एक राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा की। माना जा रहा है कि आने वाले लोकसभा चुनाव नितिन नबीन और उनकी नई टीम के नेतृत्व में लड़े जाएंगे, ऐसे में संगठन में ऐसे युवा चेहरों को मौका दिया जाएगा, जिनमें भविष्य की नेतृत्व क्षमता और सांगठनिक कौशल नजर आता हो।
नाम तय होते ही शुरू हुआ मंथन
पार्टी सूत्रों का कहना है कि जैसे ही नितिन नबीन के नाम पर मुहर लगी, उसी दिन से राष्ट्रीय संगठन की नई टीम को लेकर शीर्ष स्तर पर विचार-विमर्श शुरू हो गया था। विभिन्न राज्यों के युवा नेताओं की सूची तैयार की गई है। सूत्रों के मुताबिक, युवा टीम बनाने में कोई बाधा नहीं है क्योंकि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल वरिष्ठ नेता संगठन को मार्गदर्शन और अनुभव देते रहेंगे।
चुनावी तैयारियों की समीक्षा
नितिन नबीन ने हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है, जबकि केरल में भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है। बैठक में महाराष्ट्र सहित स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता पर भी चर्चा हुई। नितिन नबीन ने बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया और पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों को और प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश दिए।
कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति पर मंथन
बैठक में कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति और देश में ‘विकसित भारत’ तथा वीबीजी राम-जी अधिनियम जैसे विकास कार्यक्रमों को लेकर उसके रुख पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान नितिन नबीन और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। भाजपा के भीतर बन रही यह नई टीम आने वाले दिनों में पार्टी के राजनीतिक और संगठनात्मक भविष्य की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।
साभार….
Leave a comment