लोक अदालत के माध्यम से हुई 32 लाख रु. की वसूली
Betul news: बैतूल। शहर को सुंदर बनाने में नगरपालिका बैतूल लगातार विकास कार्य कर रही है। इसके लिए नपा को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए टीम मेहनत कर रही है। आर्थिक मजबूती के लिए नपा की बकाया राशि को वसूलने के लिए राजस्व विभाग की टीम पूरे प्रयास कर रही है और सफलता भी मिल रही है। हाल ही में लोक अदालत के माध्यम से नगर पालिका ने कर दाताओं से 32 लाख 74 हजार 830 रुपए की राशि वसूली है। विभिन्न बकाया टैक्स से वसूली गई यह राशि लंबे समय से बकाया थी और इसके निराकरण के लिए नगर पालिका ने लोक अदालत का सहारा लिया था।
2026 तक के टैक्स हुए जमा
नगरपालिका प्रभारी राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति ने बताया कि नपा बैतूल के सीएमओ सतीष मटसेनिया के मार्गदर्शन में नगरपालिका की बकाया टैक्स की राशि वसूलने के लिए लोक अदालत में प्रकरण लगाए गए थे। जिसमें संपत्ति कर की 25 लाख, 1 हजार 945 रुपए, जल कर की 6 लाख 22 हजार 885, दुकानों का किराया 1 लाख 50 हजार रुपए कुल 32 लाख 74 हजार 830 रुपए की वसूली गई। श्री प्रजापति ने बताया कि इसमें 70 प्रतिशत बकायादारों ने 2026 तक के टैक्स जमा कर दिया है। उन्होंने बताया कि बकाया टैक्स वसूलने के लिए राजस्व विभाग ने योजना बनाई है और कर दाताओं को प्रेरित करके बकाया टैक्स भी जमा करवाया जाएगा।
टैक्स वसूली में बनाया रिकार्ड
सीएमओ सतीष मटसेनिया ने बताया कि बैतूल नगर पालिका में विभिन्न कर दाताओं में से कुछ कर दाताओं ने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं किया था जिसको लेकर कार्यवाही की गई और पिछले वित्तीय वर्ष में 83 प्रतिशत वसूली का रिकार्ड बनाया गया जो मध्यप्रदेश में नगर पालिकाओं में बैतूल की नगर पालिका अव्वल आई है। श्री मटसेनिया ने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष को लेकर कर दाताओं को सलाह दी जा रही है कि वर्ष के शुरूवात में ही वो अपने टैक्स एडवांस जमा कर दें जिससे आने वाले समय में उन्हें दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि नगरपालिका को आर्थिक रूप से मजबूत करने में उनकी टीम लगातार कार्य कर रही है। इस साल भी वसूली में बैतूल नपा रिकार्ड बना सकती है।
Leave a comment