Reel Viral: वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर–4 पर तैनात एक पुलिसकर्मी की भावनात्मक एनाउंसमेंट वाली रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस रील में पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से अपील करता नजर आ रहा है कि वे मोबाइल और रील से दूरी बनाकर भगवान के दर्शन और चिंतन पर ध्यान दें।
पुलिसकर्मी ने कहा —
“ये काशी काल भैरव की नगरी है। आप यहां अपनी मर्जी से नहीं, बल्कि भैरव बाबा की इच्छा से लाए गए हैं। उनकी मर्जी का सम्मान कीजिए। इस नगरी में मृत्यु का विभाग काल भैरव के पास है, यमराज भी यहां अपनी मर्जी से नहीं आ सकते। जितना हो सके मोबाइल और रील से दूर रहिए। फोटो-सेल्फी से ज्यादा जरूरी प्रभु के दर्शन हैं।”
उनका यह भावपूर्ण संदेश भक्तों के दिलों को छू गया और सोशल मीडिया पर लोग इसे जमकर साझा कर रहे हैं।
🚩 जंगमबाड़ी से निकली भव्य पालकी यात्रा
भारी भीड़ के बीच जंगमबाड़ी से पालकी यात्रा निकाली गई, जो भजन-कीर्तन और उल्लास के साथ काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंची। यात्रा में शामिल संत तलवारबाजी और नृत्य-नाट्य के जरिए शिवभक्ति का प्रदर्शन करते नजर आए। पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
🕉️ सात साल के सिद्धार्थ ने गाया शिव तांडव
परिवार के साथ दर्शन करने आए सात साल के सिद्धार्थ दुबे ने अपनी बुलंद आवाज में करीब दो मिनट तक शिव तांडव स्तोत्र का गायन किया। उसकी अद्भुत प्रस्तुति सुनकर वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और उसकी भक्ति की सराहना करने लगे।
🙏 चार साल की राजराजेश्वरी की भक्ति ने सबका दिल जीता
कर्नाटक से आई चार साल की नन्ही बच्ची राजराजेश्वरी ने भी अपनी आस्था से सबको भावुक कर दिया। वह काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए करीब 3 से 4 घंटे तक लाइन में खड़ी रही और इस दौरान उसने कुछ भी खाया-पिया नहीं।
गेट नंबर–4 की कतार में दोपहर 2 बजे से खड़ी इस बच्ची के चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि भक्ति और उत्साह झलकता रहा। श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों ने उसके धैर्य और आस्था की जमकर प्रशंसा की।
साभार…
Leave a comment